हिमाचल के चिंतपूर्णी में गिरा पाकिस्तान का रॉकेट:धमाके से टूटी नींद; लगी थी आग

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में पाकिस्तान की ओर से की गई हमले की कोशिश को भारतीय एयर डिफेंस ने नाकाम कर दिया। बीती रात करीब 1:30 बजे चिंतपूर्णी के बेहड़ भटेड़ गांव में रॉकेट का एक निष्क्रिय हिस्सा गिरा। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। धमाके की आवाज सुन कर लोग घरों से बाहर निकले। जंगल में हल्की आग लगी थी। धमाके से आसपास के घर भी हिल गए। सुबह 50 किलो वजनी गोला (बम) सा खेतों में पड़ा मिला।

बता दें कि चिंतपूर्णी में माता का शक्तिपीठ भी है। जिस जगह रॉकेट का हिस्सा गिरा है, वह मंदिर से लगभग 10 किलोमीटर दूर है। ऊना प्रशासन पाकिस्तान के संभावित हमले को लेकर पहले ही अलर्ट है। रात को जिले में ब्लैक आउट रखा गया। हालांकि कुछ स्थानों पर सोलर लाइटें जल रही है। विधायक ने इनको रात को बंद करने के आदेश एसडीएम को दिए गए हैं।

पंचायत प्रधान बोले- 50-60 किलो का गोला पड़ा मिला

भटेड़ गांव के पंचायत प्रधान हंसराज ने बताया कि ये लगभग रात के डेढ़ बजे घटना घटी। बड़ी जोर का एक धमाका हुआ तो हम भी अपने बिस्तर से उठ गए कि क्या हुआ है। क्योंकि हालात ही ऐसे हैं, मौके पर जागना पड़ता है। उसके बाद फिर स्थानीय निवासी सर्वजीत का फोन आया। उसने बताया कि यहां पर एक धमाका हुआ है।

उसके बाद हमने तुरंत भरवाईं थाने वालों को फोन करके जानकारी दी। सर्वजीत ने सुबह देखा कि उसके खेत में एक लगभग पचास-साठ किलो का एक गोलानुमा चीज पड़ी थी।

एक्सपर्ट को मौके पर बुलाया

बेहड़ भटेड़ गांव में रॉकेट से किए इस हमले में फिलहाल किसी भी प्रकार के जानी नुकसान की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों ने आज सुबह रॉकेट पार्ट देख कर इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद चिंतपूर्णी पुलिस मौके पर पहुंच गई है और जांच के लिए एक्सपर्ट मौके पर बुलाए गए हैं।

विधायक बबलू ने देखा मौका

सूचना के बाद चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू भी मौके पर पहुंचे और रॉकेट के के बारे में लोगों से बातचीत कर हालात का जायजा लिया। एक व्यक्ति ने बताया कि धमाके से उनका घर हिल गया। जंगल मे आग लग गई।

छेड़छाड़ करते दिखे लोग

वीडियो में स्थानीय लोग रॉकेट के पार्ट के साथ छेड़छाड़ करते नजर आ रहे हैं। जहां पर रॉकेट का टूटा पार्ट मिला है, वो क्षेत्र पंजाब के साथ लगता एरिया है। यहां से कुछ दूरी पर बेहड़भटेड़ गांव है, जिसकी आबादी 300 से ज्यादा बताई जा रही है।

लोगों ने पहले देखी रोशनी, फिर सुना धमाका

स्थानीय लोगों की माने तो रात 1 बजकर 30 मिनट पर आसमान में पहले रोशनी सी देखी और धमाके के बाद रॉकेट का टूटा हुआ हिस्सा खाली जगह पर गिरा। स्थानीय लोगों ने आज सुबह के वक्त इसको देखा। इसके बाद मौके पर काफी संख्या में लोग भी पहुंचे। पुलिस और प्रशासन को भी इसकी सूचना दी गई है।

ऊना में रात को था ब्लैकआउट, प्रशासन अलर्ट

ऊना के डीसी जतिन लाल ने बीती रात को पहले ही अलर्ट कर रखा था और क्षेत्र में पूरी तरह ब्लैक आउट था। स्थानीय प्रशासन ने प्रेस को एक बयान जारी कर कर स्पष्ट किया कि रात लगभग 1:30 बजे अंब उपमंडल के तहत भरवाईं क्षेत्र के बेहड़भटेड़ गांव में गैर-आबादी वाले क्षेत्र में धातु का संदिग्ध उपकरण नुमा एक टुकड़ा पाया गया। प्रारंभिक जांच में यह टुकड़ा निष्क्रिय प्रतीत हो रहा है। अब विशेषज्ञ की टीम इसकी जांच में जुट गई है।

एसपी बोले- सेना बताएगी रॉकेट है या मिसाइल

SP ऊना राकेश सिंह ने संदिग्ध उपकरण मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, यह उपकरण मिसाइल थी या राकेट, अभी इसके बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। इसे लेकर सेना ही बेहतर बता पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button