विदेश-रक्षा मंत्रालय की एक दिन में चार प्रेस कॉन्फ्रेंस:पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया; विदेश सचिव बोले- भारतीय सेना को फ्रीहैंड दिया

भारत-पाकिस्तान के बीच जारी जंग को लेकर विदेश मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय की शनिवार को 4 बार प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। विदेश मंत्रालय ने सुबह 10.45 बजे कॉन्फ्रेंस की थी। इसमें 9 मई रात पाकिस्तानी हमले की जानकारी दी गई थी। इसके बाद शाम 5 बजे भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर सहमति की बात अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कही।

इसके 30 मिनट बाद विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने शाम 6 बजे प्रेस ब्रीफ किया। इसके आधे घंटे बाद 6.30 बजे रक्षा मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह और नेवी के कमोडोर रघु आर नायर ने पाकिस्तान के किए दावों की पोल खोली थी और भारत का स्टैंड क्लियर किया।

रात 8 बजे पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और गुजरात में ड्रोन अटैक किए। इस पर रात 11 बजे एकबार फिर विदेश सचिव विक्रम मिसरी लाइव आए। उन्होंने कहा- पिछले कुछ घंटे से सीजफायर समझौते का पाकिस्तान की ओर से उल्लंघन हो रहा है।

उन्होंने कहा था कि भारतीय सेना जवाबी कार्रवाई कर रही है और अतिक्रमण से निपट रही है। सेना को फ्रीहैंड दिया है। ये अतिक्रमण बेहद निंदनीय है और पाकिस्तान इसके लिए जिम्मेदार है।

अमेरिकी विदेश मंत्री और उप-राष्ट्रपति ने मोदी से बातचीत की 

शनिवार शाम अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा था- उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और मैं खुद पिछले 48 घंटों से भारत-पाकिस्तान के अफसरों के अलावा PM नरेंद्र मोदी, PM शहबाज शरीफ, विदेश मंत्री एस जयशंकर, आर्मी चीफ आसिम मुनीर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल से बातचीत कर रहे हैं।

उन्होंने कहा था कि मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि पाकिस्तान और भारत की सरकार तुरंत सीजफायर के लिए राजी हो गई हैं। हम मोदी और शहबाज शरीफ की तारीफ करते हैं कि उन्होंने बुद्धिमत्ता से शांति का रास्ता चुना।

विदेश सचिव बोले- पाकिस्तान ने भारतीय सीमा में घुसना चाहा

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा- पाकिस्तान ने भारतीय सीमा में घुसना चाहा। हमने भारतीय सेना को फ्रीहैंड दे दिया है। हमारा मानना है कि पाकिस्तान इस स्थिति को ठीक से समझे और इस अतिक्रमण को रोकने के लिए तुरंत उचित कार्रवाई करे। सेना इस स्थिति कड़ी नजर रख रही है और उसे किसी भी अतिक्रमण से निपटने के लिए ठोस और सख्त कदम उठाने के आदेश दिए गए हैं।

शनिवार शाम 6 बजे, विदेश मंत्रालय

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा- पाकिस्तान के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशन (DGMO) ने आज दोपहर 3:35 बजे भारतीय DGMO को फोन किया। उनके बीच सहमति बनी कि दोनों पक्ष भारतीय समयानुसार 5:00 बजे से जमीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे। आज दोनों पक्षों को इस सहमति को लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। 12 मई को दोपहर 12:00 बजे फिर से बात करेंगे।’​​​​​

सोफिया कुरैशी बोलीं- पाकिस्तान ने गलत खबरें फैलाईं

रक्षा मंत्रालय की 9 मिनट की ब्रीफिंग में आर्मी से कर्नल सोफिया कुरैशी, एयरफोर्स से विंग कमांडर व्योमिका सिंह और नेवी के कमोडोर रघु आर नायर मौजूद रहे। कर्नल सोफिया ने पाकिस्तान की तरफ से गलत सूचनाएं फैलाने की जानकारी दी। कमोडोर नायर ने कहा- भारत की सेनाएं पूरी तरह सतर्क और तैयार हैं। अगर फिर हमला हुआ, तो हम मुंहतोड़ जवाब देंगे।

सोफिया कुरैशी ने कहा-

अब मैं आपको पाकिस्तान की मिस इन्फॉर्मेशन कैंपेन के बारे में जानकारी दूंगी। पहला उसने अपने जेएफ-17 से हमारे एस-400 और ब्रह्मोस मिसाइल बेस को नुकसान पहुंचाया। ये बिल्कुल गलत है। उसका कहना है कि हमारी एयरफील्ड सिरसा, जम्मू,पठानकोट और भुज में हमला किया है, ये भी पूरी तरह से गलत है।

हमारे चंडीगढ़ और ब्यास स्थित हथियार खाने पर हमला किया, यह बात भी गलत है। हमने आपको सुबह भी बताया था कि ये सभी मिलिट्री फैसिलिटीज पूरी तरह सुरक्षित हैं, इन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

पाकिस्तान कह रहा है कि भारत ने मस्जिदों को नुकसान पहुंचाया। भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है। भारत की सेना उसकी वैल्यूज की बहुत अच्छी झलक है। हमने उनके मिलिट्री इन्फ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचाया। भारत ने पाकिस्तान की एयरफील्ड स्कर्दू, जकूबाबाद, सरगोदा और बुलारी को बहुत नुकसान पहुंचाया है।

हमने पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम, रडार सिस्टम को फेल किया। उनके मिलिट्री सिस्टम का हमने नुकसान किया। इंडियन आर्म्ड फोर्सेस पूरी तरह तैयार हैं। भारत की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए तैयार है।

इसके अलावा पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम, रडार सिस्टम को बेकार कर दिया। LoC के पास पाकिस्तान के कमांड एंड कंट्रोल लॉजिस्टिक इंस्टालेशन और उनके मिलिट्री इन्फ्रास्ट्रक्चर्स और उनके पर्सनल का इतना नुकसान हुआ कि पाकिस्तान की ऑफेंसिव और डिफेंसिव कैपेबिलिटी को नष्ट कर दिया गया। फिर से बात दोहराना चाहूंगी कि इंडियन आर्म्ड फोर्सेस पूरी तरह तैयार और सतर्क हैं। भारत की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए पूरी तरह से समर्पित हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button