बैरसिया एसडीएम से फोन पर जताई नाराजगी:सांसद बोले- गरीबों की जमीन पर कब्जा किया तो होगी कार्रवाई

सांसद आलोक शर्मा सोमवार को बैरसिया क्षेत्र के कढैया साहा गांव में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में पहुंचे। कार्यक्रम में ग्रामीणों समेत आदिवासी समुदाय की महिलाएं और पुरुष भी शामिल थे। ग्रामीणों ने सांसद को बताया कि कुछ दबंगों ने उनकी करीब 500 एकड़ कृषि भूमि पर कब्जा कर लिया है।
उनके पास आजीविका का और कोई साधन नहीं है। इतना सुनते ही सांसद ने मौके से ही बैरसिया एसडीएम को फोन कर सख्त लहजे में कहा- गरीब के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं करूंगा। रसूखदारों को कह दो, गरीबों की जमीन लौटाएं। नहीं तो कार्रवाई होगी। जमीन से कब्जा हटवाएं और मुझे रिपोर्ट दें। जनता के साथ न्याय होना चाहिए। यह आपकी जिम्मेदारी है। सांसद ने अधिकारियों को नसीहत देते हुए कहा कि ऐसा कोई काम न करें जिससे जनता को जनप्रतिनिधियों के पास बार-बार आना पड़े। कार्यक्रम में कुलियों की समस्याएं भी सुनी गई।





