भारत-PAK सीजफायर पर सातवीं बार बोले राष्ट्रपति ट्रम्प:फिर कहा- बिजनेस के जरिए जंग रुकवाई

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को फिर दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में हुए संघर्ष को सुलझाया है। ट्रम्प ने कहा, ‘मुझे लगता है कि मैंने बिजनेस के जरिए से विवाद सुलझाया है। अमेरिका, भारत और पाकिस्तान दोनों के साथ बड़ा सौदा कर रहा है।’

ट्रम्प ने यह दावा दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा के साथ व्हाइट हाउस में एक बैठक के दौरान किया। उन्होंने कहा, ‘भारत-पाकिस्तान के बीच हमले और भी खतरनाक और बदतर होते जा रहे थे। किसी को तो इसे अंजाम पर पहुंचाना ही था। हमने उनसे बात की।’

अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा, ‘मैंने दोनों देशों से कहा कि आप लोग क्या कर रहे हैं? पाकिस्तान में कुछ बेहतरीन और कुछ बहुत अच्छे, महान नेता हैं। भारत के प्रधानमंत्री मोदी मेरे दोस्त हैं।’ इस पर दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति ने कहा- कॉमन फ्रेंड, मोदी हमारे भी दोस्त हैं। फिर ट्रम्प ने कहा- वह (मोदी) एक महान शख्स हैं।

भारत और पाकिस्तान के बीच 10 मई को सीजफायर हुआ था। ट्रम्प ने सोशल मीडिया X पर सबसे पहले इसकी जानकारी दी थी। इसके बाद से बार-बार दावा करते रहे हैं कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव को सुलझाने में मदद की है। हालांकि, 15 मई को उन्होंने कहा था- मैंने दोनों देशों के बीच मध्यस्थता नहीं कराई, बल्कि सिर्फ मदद की है।

पहलगाम हमले के 15 दिन बाद PAK पर एयर स्ट्राइक 

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकियों ने धर्म पूछकर 26 टूरिस्ट की हत्या कर दी थी। महिलाओं और बच्चों के सामने पुरुषों को सिर और सीने में गोली मारी थी। घटना के दौरान प्रधानमंत्री मोदी सऊदी अरब में थे। वे दौरा बीच में ही छोड़कर देश लौटे और कैबिनेट की मीटिंग बुलाई। पहलगाम घटना के 15 दिन बाद 7 मई की रात 1.5 मिनट पर सेना ने पाकिस्तान और PoK में 9 जगहों पर एयर स्ट्राइक की। 25 मिनट में 9 आतंकी ठिकाने तबाह कर दिए थे और 100 से ज्यादा आतंकियों को ढेर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button