लापरवाही से वाहन चलाने वालों का तीन माह के लिए निलंबित किया जाएगा लाइसेंस

भोपाल। सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए अब सभी जिलों में रेड स्पाट और हाट स्पाट भी चिह्नित किए जाएंगे। इसके लिए मापदंड निर्धारित किए जा रहे हैं। ये ऐसे स्थान होंगे जहां सड़क दुर्घटनाएं अधिक होती हैं। मुख्य सचिव अनुराग जैन ने हाल ही में जिला सड़क संरक्षा समितियों (डीआरएससी) की बैठक में इस आशय के निर्देश दिए हैं। लापरवाही से वाहन चलाने वालों का तीन माह के लिए ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन करने के नियम का कड़ाई से पालन किया जाएगा। उन्होंने सभी कलेक्टरों को रोड सेफ्टी प्लान बनाने के लिए कहा है।

बता दें, वर्ष 2024 में प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में 14 हजार लोगों की मौत हुई है। कुल 56 हजार सड़क दुर्घटनाओं में लगभग इतने ही लोग घायल हुए हैं। पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों ने बताया कि रेड स्पाॅट और हाट स्पाट चिह्नित करने का लाभ यह होगा कि जिला सड़क संरक्षा समितियां यहां दुर्घटनाओं का कारण जानकार उन्हें दूर करने का प्रयास करेंगी। इसमें सभी संबंधित विभागों का सहयोग लिया जाएगा। कलेक्टरों की निगरानी में ये काम होंगे।

यह होता है रेड स्पाॅट और हाट स्पाॅट, रेड स्पाॅट

यह ऐसा स्थान होता है जहां सड़क दुर्घटनाएं अन्य स्थानों की तुलना में अधिक हो रही हैं। इसमें दुर्घटनाओं की संख्या और गंभीरता को लिया जाता है।

हाट स्पाॅटः यह जिले का वह बड़ा क्षेत्र होता है जहां सड़क दुर्घटनाएं अधिक हो रही हैं। जैसे कोई कस्बा, कालोनी आदि।

ब्लैक स्पाॅटः प्रदेश में अभी तक ब्लैक स्पाट ही चिह्नित किए जा रहे थे। इसमें सड़क में आधा किमी के क्षेत्र में एक वर्ष में पांच गंभीर दुर्घटनाओं में 10 या इससे अधिक लोगों की मृत्यु होने वाले क्षेत्र को चिह्नित किया जाता है। यह भी बड़ी चुनौती है प्रदेश में वर्ष 2021 में 395 ब्लैक स्पाट थे जो अब 480 तक पहुंच गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button