हल्द्वानी में कार नहर में गिरी, 4 की मौत:इनमें 3 दिन का बच्चा भी; सूरत में 36 घंटे में 19 इंच बारिश

गुजरात के सूरत शहर में मंगलवार शाम 6 बजे तक 36 घंटे में 19 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। शहर का अधिकांश हिस्सा बाढ़ की चपेट में है। कई सोसाइटियों में पानी भर गया। लोगों को ट्रैक्टर के जरिए रेस्क्यू किया गया।

राज्य के कच्छ में बारिश का यलो और बाकी हिस्से में ऑरेंज अलर्ट है। अगले 7 दिन तक यही हालात बने रहेंगे।

उत्तराखंड के हल्द्वानी में बुधवार सुबह अस्पताल से बच्चे की डिलीवरी के बाद घर जा रहे एक परिवार की कार नहर में जा गिरी। इसमें एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई है। हादसे तीन दिन पहले जन्मा बच्चा भी नहीं बच सका।

भारी बारिश के कारण नाला उफान पर था, इस दौरान कार अनियंत्रित होकर नाले में जा समाई। कार में कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें से 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं, जम्मू में मंगलवार रात हुई भारी बारिश के चलते तवी नदी उफान पर है। इसमें एक शख्स फंस गया। SDRF के लोगों ने सीढ़ी के सहारे उसका रेस्क्यू किया।

दिल्ली में आज के लिए यलो अलर्ट है। बारिश के साथ तेज आंधी का अनुमान है। अधिकतम तापमान 34°C रह सकता है। मंगलवार को चंडीगढ़-हरियाणा के कुछ हिस्सों में मानसून पहुंचा है। अगले दो दिनों में और और आगे बढ़ेगा।

पहाड़ों पर भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, पहाड़ों पर नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हुआ है। इससे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड और लद्दाख में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।

मध्य भारत के मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पूर्वी गुजरात और राजस्थान के कई हिस्सों में भी भारी बारिश के संकेत हैं। अगले 24 घंटों में पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में भी तेज बारिश हो सकती है।

उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में 26 जून से मानसून सक्रिय होने के साथ बारिश तेज होने की संभावना है। जयपुर में मंगलवार सुबह 8 से शाम 5 बजे तक 3 इंच से ज्यादा (77.8MM) बारिश हुई।

मध्य प्रदेश के ऊपर से ट्रफ लाइन गुजरने की वजह से बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। मौसम विभाग के मुताबिक, ट्रफ गुजरने के साथ ही साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी एक्टिव है। प्रदेश में अगले 4 दिन तेज बारिश की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button