मुनीर की सेना के लिए कब्रगाह बना बलूचिस्तान, BLA, BLF और BRG ने खोल दिया मोर्चा, 15 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत

क्वेटा: पाकिस्तान के हिंसाग्रस्त प्रांत बलूचिस्तान में बलूच लड़ाकू समूहों के साथ लड़ाई में पाकिस्तानी सेना को बड़ा नुकसान हुआ है। बलूचिस्तान में अलगाववादी लड़ाकों के साथ झड़पों में पाकिस्तानी सेना के कम से कम 15 जवान मारे गए हैं। वहीं, बलूच सशस्त्र समूह के तीन लड़ाकों की भी मौत हुई है। बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने गुरुवार को एक बयान कर इसकी जानकारी दी है। इसमें बताया गया है कि कलात में मुठभेड़ के दौरान पाकिस्तानी सेना के छह सैनिक मारे गए। क्वेटा और सयाजी में भी पाकिस्तानी सेना को नुकसान उठाना पड़ा है।

बीएलए के प्रवक्ता जीयांद बलूच ने बयान में बताया कि 22 जून को प्रांत की राजधानी क्वेटा के दघारी इलाके में आगे बढ़ रहे पाकिस्तानी बलों के साथ बीएलए के गश्ती दस्तों की भिड़त हुई। इस दौरान भीषण लड़ाई हुई, जिसमें पाकिस्तानी सेना के कई जवान मारे गए और घायल हुए। झड़प में बीएलए ने अपना एक लड़ाका गंवाया, जिसका नाम जमशेद बताया गया है।

कलात में 6 पाकिस्तानी जवानों ने गंवाई जान

22 जून को ही बीएलए लड़ाकों ने कलात के कोहक इलाके में पाकिस्तानी सेना के काफिले पर आईईडी का इस्तेमाल करके हमला किया, जिसके बाद जमीनी हमला भी किया गया। समूह ने दावा किया कि बीएलए लड़ाकों के दो दस्तों ने दुश्मन के जवानों को घेर लिया और हमला किया। घंटे भर चली लड़ाई में छह पाकिस्तानी सैनिक मौके पर ही मारे गए और कई घायल हो गए। मुठभेड़ में बीएलए का एक लड़ाका नोरोज भी मारा गया।

बीएलएफ ने भी किया पाकिस्तानी सेना पर हमला

बीएलए ने बताया कि इस मुठभेड़ के दो दिन पहले 20 जून को लिंगासी इलाके में उसके लड़ाकों की पाकिस्तानी सेना से मुठभेड़ हुई। इस दौरान पाकिस्तानी सेना को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा, जबकि बीएलए को भी अपने एक लड़ाके की जान से हाथ धोना पड़ा। इस दौरान एक अन्य समूह बलूच लिबरेशन फ्रंट (BLF) ने भी एक बयान जारी कर 25 जून को ग्वादर, अवारन और केच जिलों में पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर हमलों की जिम्मेदारी ली है।

बीआरजी के हमले में 5 पाकिस्तानी जवानों की मौत

इसके अलावा बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स (BRG) ने 25 जून को कच्छी जिले और नसीराबाद में सैन्य वाहनों को निशाना बनाकर दो आईईडी हमले करने की बात स्वीकार की है। बीआरजी के प्रवक्ता दोस्तैन बलूच ने कहा कि विस्फोटों में ‘कब्जे वाली सेना’ के 5 जवान मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। बलूच अलगाववादी समूह पाकिस्तान सैन्य बलों को कब्जे वाली सेना कहकर संबोधित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button