पीएनजी प्रोजेक्ट:1000 किमी में बिछी पाइप लाइन, अरेरा कॉलोनी- अयोध्या नगर तक मिलेंगे कनेक्शन

पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) वीआईपी एरिया चार इमली, अरेरा कॉलोनी, अयोध्या नगर सहित कई इलाकों के रसोई घरों तक पहुंच जाएगी। इन इलाकों में पाइपलाइन बिछाई जा रही है। कुछ इलाकों में पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। अब सिर्फ घरों तक कनेक्शन पहुंचाना है।
थिंक गैस के अधिकारियों के मुताबिक, अभी तक भोपाल की 235 कॉलोनियों के रसोई घरों में 1.40 लाख आबादी तक यह गैस पहुंच चुकी है। 300 और कॉलोनियों में पाइपलाइन बिछा दी गई है। इससे इन कॉलोनियों की 2.50 लाख आबादी तक यह गैस पहुंच जाएगी। नए साल में 500 कॉलोनियों में पीएनजी से चूल्हे जलेंगे। अभी 40 हजार घरों में 1.50 लाख से ज्यादा आबादी को पीएनजी सप्लाई की जा रही है।
अभी 235 कॉलोनी में 1.40 लाख घरों तक पहुंचा नेटवर्क
बगरोदा, बागसेवनिया, मिसरोद, होशंगाबाद रोड, सागर रॉयल विलास, सागर रॉयल होम्स, आशिमा अनुपमा सिटी, जाटखेड़ी, रुचि लाइफ एस्केप, सागर गोल्डन पाम, पल्लवी नगर, फॉर्चून सौम्या, यशोदा गार्डन, दानिश नगर, हरवंश विहार, रजत नगर, भेल संगम कॉलोनी समेत आसपास की कॉलोनियों में, भेल टाउनशिप इलाके में सागर एस्टेट, सागर एवेन्यू, लीगल ट्रेसरार, निजामुद्दीन कॉलोनी, कल्पना नगर, छत्रपति नगर, करमवीर नगर, वेलकम अपार्टमेंट, सोनागिरी, कांता श्रवण, ज्योति नगर तक पीएनजी नेटवर्क है।
अब इन प्रमुख एरिया में पहुंचेगी
अरेरा कॉलोनी ई 7, एमपी नगर, कटारा हिल्स, अयोध्या नगर, भानपुर, दानिश कुंज कोलार, चार इमली, गुलमोहर, शाहपुरा, त्रिलंगा
राजगढ़ से हाई प्रेशर से भोपाल तक पहुंच रही है पीएनजी थिंक गैस प्रबंधन के मुताबिक, भोपाल में पीएनजी 190 किमी दूर राजगढ़ से हाई प्रेशर पाइपलाइन के जरिए आ रही है। इसका प्लांट बगरोदा में स्थित है। यहां से यह शहर के अन्य इलाकों में सप्लाई की जाती है।
फोन की तरह होता है रिचार्ज पीएनजी पाइप के जरिए घरों तक पहुंची गैस कनेक्शन के साथ घरों में मीटर लगाए गए हैं। गैस खत्म होने के बाद इन मीटर में दिए गए कीबोर्ड से मोबाइल की तरह रिचार्ज करना पड़ता है।





