लॉरेंस के नाम धमकी पर बोले सिंगर हंसराज-भय स्वाभाविक है

‘मेरा भोला है भंडारी, करता नंदी की सवारी…’ जैसे सुपरहिट भजन से प्रसिद्ध हुए सिंगर बाबा हंसराज रघुवंशी ने भोपाल में मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस पर अपनी प्रस्तुति दी। हंसराज को हाल ही में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी मिली है। उनसे 15 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई। इस पर उन्होंने कहा कि मेरा किसी से कोई बैर नहीं है। जो भी मिला, प्यार से मिला, दुनिया माया से भरी हुई है, कोई भी कुछ भी कह सकता है।

धमकी के बाद परिवार की चिंता पर उन्होंने कहा- फोन आया तो परिवार में डर तो स्वाभाविक है और मैं भोपाल के नजदीक हूं। मुझे बताया गया कि आरोपी भोपाल या उसके आसपास का है।मेरा मानना है कि जब महादेव साथ हैं, तो कोई चिंता की बात नहीं।  हंसराज रघुवंशी ने अपनी म्यूजिक जर्नी, प्रधानमंत्री मोदी के प्रति सम्मान, रिश्तों और भविष्य की योजनाओं पर खुलकर बात की।

हंसराज बोले- महादेव की कृपा से ही सब हो रहा है हंसराज कहते हैं- महादेव की कृपा है कि उन्होंने मुझे इस काबिल बनाया। जो कुछ भी हो रहा है, सब उनकी कृपा से हो रहा है। मैं बस गाता हूं, रचता हूं और वही होता है जो प्रभु चाहते हैं। मेरे गाने में, जो भी क्लिक करता है, वो मेरी नहीं, महादेव की योजना होती है।

हाल ही में रिलीज हुए नए भजन ‘जय श्री राम’ को लेकर हंसराज कहते हैं- ये गाना मेरे दिल के बहुत करीब है। इसे भी मैंने ही कंपोज किया है, लेकिन यह मिलना भी प्रभु का आशीर्वाद था। हम तो बस गाने बनाते रहते हैं, कौन सा लोगों के दिल को छू जाए, वो महादेव तय करते हैं।

गाता नहीं, पूजा करता हूं, भगवान को महसूस करता हूं भक्ति में डूबे सुरों को लेकर बाबा हंसराज कहते हैं- जब मैं गाता हूं, तब मेरे दिमाग में कुछ नहीं चलता। मैं बस अपने भगवान को महसूस करता हूं। यह मेरे लिए परफॉर्मेंस नहीं, पूजा है। लोग कहते हैं कि मैं भक्ति में डूब जाता हूं। सच यह है कि उस वक्त मैं सिर्फ भोले बाबा के साथ होता हूं।

मेरी जटाएं महादेव की दी हुई पहचान हैं अपने लंबे बालों और रूप के बारे में हंसराज मुस्कुराते हुए कहते हैं- बचपन में मेरी जटाएं थी, पर मेरी मां ने कटवा दी थीं। बाद में जब कॉलेज पहुंचा, तो दोबारा बढ़ने लगीं। अब तो यही मेरी पहचान बन गई हैं। भोले बाबा की छवि मेरे भीतर भी बस गई है। सब उन्हीं का आशीर्वाद है।

युवा भजन सुनेंगे, तो पॉजिटिव ऊर्जा मिलेगी युवाओं से अपील करते हुए हंसराज बोले- मैं कहूंगा कि सिर्फ मेरे नहीं, बल्कि हर कलाकार के भजन सुनो। भजन सुनने से पॉजिटिव वाइव आती है, एक ‘ऑरा’ बनता है। आज के समय में युवाओं को यही जरूरत है। पॉजिटिविटी और आत्मिक शक्ति की।

नया भजन ला रहा हूं, थोड़ा अलग अंदाज में भविष्य की योजनाओं पर उन्होंने कहा- मैं एक नया भजन ला रहा हूं, थोड़ा अलग प्रयोग के साथ। पिछले चार-पांच महीने से भोले बाबा का कोई नया गीत नहीं आया, अब नया भजन लाने जा रहा हूं। न्यू ईयर से पहले आप मेरे यूट्यूब चैनल पर देखेंगे।

शूटिंग के अपने अंदाज पर बोले- मैं कोशिश करता हूं कि नेचर के बीच शूट करूं। पहाड़, नदियां, झरने, यहीं असली शांति है। बजट सीमित होता है, लेकिन प्रकृति से जुड़कर ही भक्ति का असली भाव आता है।

लोकप्रियता के साथ जिम्मेदारी भी आती है अपने करियर को याद करते हुए बोले कि मेरा भोला है भंडारी’ वो गाना था, जिसने मुझे लोगों से जोड़ा। उस गाने ने मेरी जिंदगी बदल दी। लेकिन उसके बाद मैंने महसूस किया कि लोकप्रियता के साथ जिम्मेदारी भी आती है। अब जो भी करता हूं, वो महादेव और देश दोनों के सम्मान में करता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button