राज्योत्सव के बाद ओड़िशा-गुजरात जाएंगे मुख्यमंत्री साय:6 नवंबर को नुआपाड़ा में चुनावी सभा करेंगे

रायपुर, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 6 नवंबर को ओडिशा के नुआपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा करेंगे। सीएम रायपुर से हेलिकॉप्टर से नुआपाड़ा जाएंगे और सभा के बाद वापस लौट आएंगे।

बता दें कि नुआपाड़ा विधानसभा सीट पर 11 नवंबर को मतदान होना है, जिसके लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसके अलावा मुख्यमंत्री 10-11 नवंबर को गुजरात इनवेस्टर कनेक्ट में भी शामिल होंगे।

चुनावी मैदान में जय ढोलकिया

नुआपाड़ा से भाजपा प्रत्याशी जय ढोलकिया चुनावी मैदान में हैं, जबकि बीजेडी से स्नेहंगिनी चुरिया और कांग्रेस से घसियाराम माझी मुकाबले में हैं।

इसके अलावा समाजवादी पार्टी के रमाकांत हाटी, बहुजन मुक्ति पार्टी के हेमंत तांडी, और ओडिशा जनता दल के शुकाधर डड़सेना भी चुनाव मैदान में किस्मत आजमा रहे हैं।

सीएम साय सभा को करेंगे संबोधित

भाजपा राष्ट्रीय संगठन ने बिहार और ओडिशा के उपचुनावों के लिए छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेताओं को भी प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी है। बिहार में कई भाजपा नेता प्रचार में जुटे हैं, वहीं ओडिशा में भाजपा मुख्यमंत्री साय की सभा को चुनावी दृष्टि से अहम मान रही है। पार्टी की योजना है कि साय की सभा से भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में माहौल मजबूत हो और मतदाताओं में जोश बढ़े।

गुजरात में निवेश बढ़ाने की पहल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 10 और 11 नवंबर को गुजरात प्रवास पर रहेंगे। वे अहमदाबाद में होने वाले “छत्तीसगढ़ इनवेस्टर कनेक्ट” कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे उद्योगपतियों से वन-टू-वन मुलाकात करेंगे और राज्य में औद्योगिक निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।

मुख्यमंत्री पहले स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (नर्मदा जिले) में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेंगे, उसके बाद अगले दिन अहमदाबाद में निवेशकों से संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम पहले जुलाई-अगस्त में होना था, लेकिन तकनीकी कारणों से स्थगित किया गया था।

औद्योगिक संभावनाओं के बारे में विस्तार से होगी चर्चा

सीएम साय गुजरात में उद्योग जगत के प्रमुख निवेशकों को छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति, निवेश के लिए दी जा रही सहूलियतों, और राज्य की औद्योगिक संभावनाओं के बारे में विस्तार से बताएंगे। उनका लक्ष्य राज्य में पूंजी निवेश को बढ़ावा देना और अधिक से अधिक उद्योगों को छत्तीसगढ़ की ओर आकर्षित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button