गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध कार्य शासन की प्राथमिकता : कलेक्टर प्रजापति

मोहला। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने  जिला कार्यालय के सभा कक्ष में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत विभिन्न कार्यों की  योजना-वार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ भारती चंद्राकर सहित संबंधित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।        

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत स्वीकृत आवासों की विकासखंडवार प्रगति की समीक्षा की। धीमी प्रगति वाले विकासखंडों को शीघ्र सुधार लाने के निर्देश देते हुए तकनीकी सहायकों से शीघ्र सुधार लाने वाले कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने सभी तकनीकी सहायकों को आवास मित्रों की निरंतर मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग करने के निर्देश दिए।

साथ ही आवास निर्माण में आने वाली समस्याओं को चिन्हित कर उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। श्रमिकों एवं मिस्त्रियों की कमी को देखते हुए ट्रेनिंग के माध्यम से स्थानीय लोगों को प्रशिक्षित कर आवास निर्माण कार्यों में लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिन हितग्राहियों को आवास स्वीकृत होने के बावजूद निर्माण प्रारंभ या पूर्ण नहीं किया गया है, उनकी जानकारी उपलब्ध कराने एवं नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। आत्मसमर्पित नक्सली एवं नक्सल पीड़ित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का अधिकतम लाभ दिलाने पर भी विशेष बल दिया गया।

कलेक्टर प्रजापति ने मनरेगा अंतर्गत डबरी, नया तालाब, गहरीकरण, मुर्गी सेट, पशु शेड जैसे ग्रामीण रोजगारमूलक कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर ग्रामीण क्षेत्रों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने एनआरएलएम योजनाओं की समीक्षा करते हुए  बैंक क्रेडिट लिंकेज की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिक से अधिक लोगों को लखपति दीदी, महिला किसान सशक्तिकरण परियोजना, कृषक उत्पादक संगठन जैसी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। बैंक में लंबित प्रकरणों की सूचीकरण कर जानकारी प्रस्तुत करने तथा आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की।

कलेक्टर प्रजापति ने बैठक में व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों की स्वीकृति एवं पूर्णता, जियोटेक प्रविष्टि की समीक्षा की गई। सभी पात्र परिवारों को शौचालय निर्माण का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन यूनिट की क्रियाशीलता की समीक्षा करते हुए उसके प्रभावी संचालन हेतु कार्ययोजना बनाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र, अटल डिजिटल भवन निर्माण एवं महतारी सदन से संबंधित जानकारी भी ली। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने निर्देशित किया कि जिले में सभी विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button