69वीं नेशनल स्कूल गेम्स में भोपाल की बेटी का कमाल:13 वर्षीय दीक्षा सिंह ने जीता स्वर्ण, इंदौर में आयोजित हुई प्रतियोगिता

खेल प्रतिभाओं के लिए पहचाने जाने वाले भोपाल ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। इंदौर में आयोजित 69वीं नेशनल स्कूल गेम्स प्रतियोगिता में भोपाल की 13 वर्षीय कराते खिलाड़ी दीक्षा सिंह गुरूंग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कराते स्पर्धा के अंडर-50 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश और शहर का नाम रोशन किया है।
15 से 19 दिसंबर तक चली इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 29 राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा और दबाव भरे मुकाबलों के बीच दीक्षा ने अपने आत्मविश्वास, तकनीकी कौशल और अनुशासन का बेहतरीन परिचय दिया।
दीक्षा का प्रदर्शन शुरुआत से ही एकतरफा और प्रभावशाली रहा। उन्होंने पहले राउंड में गुजरात की खिलाड़ी को 4–0 से पराजित किया। इसके बाद दूसरे मुकाबले में असम को 6–0 से शिकस्त दी। सेमीफाइनल में बिहार की खिलाड़ी के खिलाफ दीक्षा ने 9–1 के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में विद्या भारती की खिलाड़ी को 8–0 से हराते हुए दीक्षा ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
वर्तमान में दीक्षा टी.टी. नगर स्टेडियम, भोपाल में ‘पे एंड प्ले’ योजना के तहत नियमित रूप से कराते का अभ्यास कर रही हैं। उनकी इस सफलता के पीछे प्रशिक्षक कोच रुद्र प्रताप सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कोच के मार्गदर्शन में दीक्षा ने पिछले एक माह से प्रतिदिन सुबह और शाम करीब तीन घंटे का कठोर अभ्यास किया, जिसका परिणाम राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक के रूप में सामने आया।





