सकीबुल गनी ने ठोक दिया लिस्ट-ए का सबसे तेज शतक, वैभव सूर्यवंशी के 84 गेंदों में 190 रन फीके, रिकॉर्ड चूर-चूर

रांची: बिहार के लिए वैभव सूर्यवंशी ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ सिर्फ 36 गेंदों पर शतक ठोका था। इसी मैच में बिहार के कप्तान सकीबुल गनी ने वैभव से भी तेज शतक ठोक दिया है। अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ गनी ने सिर्फ 32 गेंदों पर शतक लगा दिया। इसके साथ ही वह लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। पहले यह रिकॉर्ड पंजाब के अनमोलप्रीत सिंह के नाम दर्ज था। उन्होंने 35 गेंदों पर शतक लगाया था।

सकीबुल गनी ने 128 रन ठोके

सकीबुल गनी पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। वैभव ने 84 गेंद पर 190 रनों की पारी खेलकर बिहार को विस्फोटक शुरुआत दिलाई थी। उन्होंने इस शुरुआत का पूरा फायदा उठाया और आते ही तेजी से रन बनाने शुरू कर दिए। 32 गेंदों पर उन्होंने अपना शतक पूरा कर लिया। 26 साल के सकीबुल गनी का यह लिस्ट ए क्रिकेट में तीसरा शतक है। वह 9 चौके और 9 ही छक्कों की मदद से शतक तक पहुंचे।

बिहार के कप्तान 128 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 40 गेंदों पर 10 चौके और 12 छक्के मारे। उनका स्ट्राइक रेट 320 का रहा। यह लिस्ट ए क्रिकेट इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक है। साउथ ऑस्ट्रेलिया के जैक फ्रेजर मैकगर्क ने तस्मानिया के खिलाफ 29 गेंद पर शतक लगाया था। एबी डिविलियर्स ने साउथ अफ्रीका के लिए 31 गेंद पर वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक ठोका था। अब 32 गेंद पर शतक लगाकर सकीबुल गनी लिस्ट में तीसरे नंबर पर आ गए हैं।

बिहार ने 574 रन बनाए

बिहार ने इस मुकाबले में पहले खेलते हुए बोर्ड पर 574 रन टांग दिए। यह लिस्ट ए क्रिकेट इतिहास में किसी टीम का सबसे बड़ा स्कोर है। पहले यह रिकॉर्ड तमिलनाडु के नाम था। टीम ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ ही 506 रन बनाए थे। इसके अलावा कोई भी टीम 50 ओवर के क्रिकेट में 500 रन नहीं बना पाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button