प्रदेश में हाड़ कंपा देने वाली ठंड, भोपाल सहित सात शहरों में शीतलहर, मंदसौर में पारा 2.5 डिग्री तक गिरा

भोपाल: लगातार सर्द हवाएं चलने के कारण मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड बरकरार है। इसी क्रम में रविवार को प्रदेश में रात का सबसे कम 2.5 डिग्री सेल्सियस तापमान मंदसौर में दर्ज किया गया। भोपाल, राजगढ़, सीहोर, शाजापुर, रीवा, शहडोल एवं मंदसौर में शीतलहर का प्रभाव रहा।

प्रदेश के 30 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम पर रहा। दिन का सबसे कम 20.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रीवा में रिकॉर्ड किया गया। ग्वालियर में सुबह के समय अति घना कोहरा रहा। खजुराहो, नौगांव एवं सीधी में मध्यम कोहरा छाया रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मंगलवार से रात के तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान एवं उसके आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। पूर्वोत्तर भारत पर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 213 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं। मंगलवार से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सक्रिय होने की संभावना है।

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी एचएस पांडे ने बताया कि सोमवार को मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है, लेकिन मंगलवार से रात के तापमान में एक से दो डिग्री तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है।मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से हवा का रुख बदलने लगा है। इस वजह से रविवार को दिन के तापमान में कुछ बढ़ोतरी हुई है। इस वजह से रात के तापमान में फिलहाल गिरावट होने की संभावना कम है।

ग्वालियर के मौसम का हाल

ग्वालियर शहर की रातें पिछले तीन दिन से लगातार ठंडी हो रही है। क्योंकि रात के तापमान में लगातार गिरावट हो गई है। शुक्रवार को रात का तापमान 6.8 डिसे था, इसमें 0.1 डिसे की गिरावट आई और 6.7 डिसे पर आ गया।

हालांकि दिन के तापमान में 0.7 डिसे की बढ़त हुई और 24 डिसे पर पहुंच गया। यानि सुबह व शाम के समय लोगों को हल्की गलन महसूस हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक आगामी दो दिन तक अंचल में मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button