महाराष्ट्र के भिवंडी में BJP-पूर्व मेयर के समर्थकों में झड़प:भाजपा विधायक बोले- बच्चों को पीटा, ऑफिस पर पथराव

ठाणे, महाराष्ट्र के भिवंडी में रविवार को नगर निगम चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा और कोणार्क विकास आघाड़ी (KVA) के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। विवाद छत्रपति शिवाजी महाराज चौक के पास हुआ। दोनों पक्षों के बीच पथराव भी हुआ।

पुलिस के मुताबिक, झड़प BJP विधायक महेश चौघुले और KVA नेता और पूर्व मेयर विलास पाटिल के समर्थकों के बीच हुई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को तितर-बितर किया।

डीसीपी जोन-2 शशिकांत बोराटे ने बताया कि दो नेताओं के समर्थकों के बीच झड़प हुई थी। पुलिस ने हस्तक्षेप कर भीड़ को हटाया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह कंट्रोल में है।

BJP विधायक बोले- बच्चों पर हमला, ऑफिस पर पथराव

BJP विधायक महेश चौघुले ने आरोप लगाया कि KVA अध्यक्ष विलास पाटिल अपने इलाके में किसी को घुसने नहीं देना चाहते।

उन्होंने कहा कि चुनाव खत्म हो चुके हैं। कल कुछ गरीब बच्चों पर हमला किया गया था। आज शाम करीब 5 बजे दो बच्चों को पीटा गया। इसके बाद मेरे कार्यालय पर पथराव हुआ। पुलिस और मेरे समर्थकों पर भी हमला किया गया। पुलिस ने समय पर हालात संभाले।

महेश चौघुले ने बताया कि वे पुलिस थाने पहुंचे हैं। अब देखेंगे कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है।

भिवंडी में कांग्रेस के 30 पार्षद जीते

भिवंडी-निजामपुर नगर निगम में कुल 90 सीटें हैं। कांग्रेस के सबसे ज्यादा 30 पार्षदों ने जीत हासिल की। भाजपा को 22 सीटें मिलीं, जबकि शिवसेना (शिंदे गुट) और NCP (शरद पवार गुट) को 12-12 सीटें हासिल हुईं। KVA ने 4 सीटें जीतीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button