सबसे बड़ी जीत से बैक टू बैक मैच में सुपर ओवर तक, IND vs NZ टी20 के 5 हैरतअंगेज रिकॉर्ड

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज की शुरुआत आज से हो रही है। नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में पहला मुकाबला होगा। 2007 में भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टी20 मैच खेला गया था। अभी तक दोनों टीमों की भिड़ंत 25 मुकाबलों में हो चुकी है। इसमें कई बड़े-बड़े कारनामे हुए हैं। हम आपको इसमें बने 5 रिकॉर्ड्स के बारे में बताते हैं।
भारत की सबसे बड़ी जीत न्यूजीलैंड के खिलाफ
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत की सबसे बड़ी जीत 168 रनों की है। टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ ही यह जीत हासिल की थी। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 2023 में यह मैच हुआ था। न्यूजीलैंड सबसे बड़ी अंतर से टी20 इंटरनेशनल मैच हारने वाला टेस्ट प्लेइंग देश भी है।
लगातार दो मैच सुपर ओवर में
2020 की शुरुआत में भारत ने न्यूजीलैंड का दौरा किया था। वहां दोनों टीमों के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज हुई थी। इसका तीसरा और चौथा मुकाबला टाई रहा था। सुपर ओवर में भारत ने दोनों मैच जीते। यह एकमात्र मौका है जब दो टीमों के बीच लगातार दो मैच सुपर ओवर में गए।
भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा टी20 विकेट
भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मैच में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के ईश सोढ़ी के नाम दर्ज है। उन्होंने 20 मैचों में 25 भारतीय बल्लेबाज को आउट किया है। उनका बेस्ट प्रदर्शन 18 रन देकर 3 विकेट रहा।
भारत के खिलाफ घर में पहला शतक
भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पहला शेन वॉटसन ने लगाया है। हालांकि भारत के खिलाफ घर में आकर पहला शतक लगाने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो के नाम है। उन्होंने 2017 में राजकोट में 109 रनों की पारी खेली थी।
पहले ही ओवर में तीन छक्के
वीरेंद्र सहवाग ने 2009 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 मैच के पहले ही ओवर में तीन छक्के मार दिए थे। वह टी20 इंटरनेशनल मैच के पहले ओवर में तीन या उससे ज्यादा छक्के मारने वाले पहले बल्लेबाज थे।





