नेट साइवर ब्रंट ने रचा इतिहास, महिला प्रीमियर लीग में शतक लगाने वाली बनीं पहली खिलाड़ी

नई दिल्ली: महिला प्रीमियर लीग 2026 का 16वां मुकाबला आज यानी 26 जनवरी को वडोदरा के कोटांबी क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में इंग्लैंड की नेट साइवर ब्रंट ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए महिला प्रीमियर लीग के इतिहास का पहला शतक ठोक डाला। नेट साइवर ब्रंट ने 57 गेंद में नाबाद 100 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 16 चौके और एक छक्का भी जड़ा। उनका स्ट्राइक रेट 175.44 का रहा। डब्ल्यूपीएल के इतिहास में शतक आज तक किसी और खिलाड़ी ने नहीं लगाया है।

नेट साइवर ब्रंट का करियर

33 साल की नेट साइवर ब्रंट ने अब तक अपने करियर में 12 टेस्ट, 129 वनडे और 137 टी20 मुकाबले खेले हैं। टेस्ट में उन्होंने 883 रन बनाए हैं और 12 विकेट लिए हैं। वनडे में 4354 रन और 88 विकेट जबकि टी20 में 2960 रन बनाए हैं और 90 विकेट झटके हैं।

आरसीबी ने जीता था टॉस
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कप्तान स्मृति मंधाना ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। हालांकि, उनका यह फैसला सही साबित नहीं हुआ। नेट साइवर ब्रंट के शतक के चलते मुंबई इंडियंस ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट पर 199 रन बनाए और 200 रन का टारगेट रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को दिया।नेट साइवर ब्रंट के अलावा ओपनर हेली मैथ्यूज ने फिफ्टी लगाई। उन्होंने नौ चौकों की मदद से 56 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर 20 रन बनाकर आउट हुईं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए लॉरेन बैल ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए। एक-एक विकेट श्रेयंका पाटिल और नादिन डी क्लार्क को मिला।

महिला प्रीमियर लीग के पांच सबसे बड़े इंडिविजुअल स्कोर

  • नेट साइवर-ब्रंट- 100* (मुंबई इंडियंस बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, 2026)
  • जॉर्जिया वोल- 99* (यूपी वॉरियर्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, 2025)
  • सोफी डिवाइन- 99 (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम गुजरात जायंट्स, 2026)
  • हरमनप्रीत कौर- 95* (मुंबई इंडियंस बनाम गुजरात जायंट्स, 2024)
  • स्मृति मंधाना- 96 (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम मुंबई इंडियंस, 2026)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button