इटैलियन दूल्हा और राजस्थानी दुल्हन, मंडावा में 13 देशों के मेहमानों के बीच खास शादी

झुंझुनूं: राजस्थान की पर्यटन नगरी मंडावा एक अनोखे और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध विवाह समारोह की साक्षी बनी, जहां इटली के युवक ने भारतीय युवती से पूरी तरह हिन्दू वैदिक परंपराओं के अनुसार विवाह किया। मुंबई निवासी जूई अंबानी और इटली निवासी मार्को का विवाह एक निजी होटल में पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर भारतीय संस्कृति और परंपराओं की झलक ने विदेशी मेहमानों का मन मोह लिया।
भारतीय परंपरा में रचा-बसा विवाह समारोह
विवाह पूरी तरह सनातन परंपराओं के अनुरूप आयोजित किया गया। वर-वधू ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लिए और सभी रस्में विधिवत निभाई गईं। वृंदावन के भवत विद्यापीठ से आए 9 ब्राह्मणों ने विवाह संस्कार संपन्न कराया। विदेशी मेहमानों को रीति-रिवाजों की समझ हो सके, इसके लिए संस्कृत श्लोकों का अंग्रेजी अनुवाद भी किया गया।
13 देशों के मेहमान बने समारोह का हिस्सा
होटल मालिक अरविंद पारीक और मधुसूदन खेमानी ने बताया कि दुल्हन जूई, मुंबई निवासी भावना और जतिन अंबानी की पुत्री हैं। वह वर्तमान में रोम में आईसीसीआर-ओएम के साथ संरक्षण वास्तुकार के रूप में कार्यरत हैं। दूल्हे मार्को के पिता मास्सिमो और माता फुलविया हैं। विवाह समारोह में भारत सहित 13 देशों से आए करीब 200 मेहमान शामिल हुए, जिनमें जूई और मार्को के परिजन, मित्र और सहयोगी मौजूद रहे।
फूलों की होली ने बढ़ाई सांस्कृतिक रंगत
पारंपरिक रिसेप्शन के बजाय अंबानी परिवार की ओर से रात्रि में फूलों की होली का आयोजन किया गया। इस दौरान राधा-कृष्ण नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसने माहौल को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना दिया। समारोह में भारतीय और यूरोपीय व्यंजनों का विशेष संयोजन भी परोसा गया, जिसने इंडो-इटैलियन सांस्कृतिक मेल को और खास बना दिया।
पर्यटन नगरी मंडावा को मिली नई पहचान
इस अनूठे विवाह समारोह ने न केवल भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को उजागर किया, बल्कि यह भी दिखाया कि भारतीय रीति-रिवाज आज वैश्विक स्तर पर लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। मंडावा एक बार फिर सांस्कृतिक पर्यटन के केंद्र के रूप में चर्चा में आ गया।





