उज्जैन संभाग में भी दिखेगा नए सिस्टम का असर:एमपी में 18-19 फरवरी को बारिश के आसार

भोपाल, वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से ग्वालियर, चंबल-सागर के साथ उज्जैन संभाग में भी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 18 और 19 फरवरी को ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और नीमच में बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। भोपाल और इंदौर में बादल छा सकते हैं।
रविवार को प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर दिखने को मिला। खंडवा-खरगोन में दिन का तापमान 34 डिग्री के पार पहुंच गया, तो दतिया, धार, गुना, ग्वालियर, इंदौर, रायसेन, रतलाम, उज्जैन, दमोह, जबलपुर, खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर, सागर, सतना और उमरिया में पारा 30 डिग्री या इससे अधिक रहा।
वहीं, शनिवार-रविवार की रात की बात करें तो कटनी का करौंदी सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री दर्ज किया गया। पचमढ़ी में 9.2 डिग्री, कल्याणपुर में 9.4 डिग्री और रीवा में 9.6 डिग्री रहा। 5 बड़े शहरों में इंदौर में सबसे कम 11.5 डिग्री, ग्वालियर में 11.7 डिग्री, भोपाल में 13 डिग्री, उज्जैन में 13.5 डिग्री और जबलपुर में तापमान 14.3 डिग्री दर्ज किया गया।
फरवरी में तीसरी बार भीगेगा एमपी
फरवरी के शुरुआत में ही प्रदेश में दो बार ओले, बारिश और आंधी का दौर रह चुका है। इससे फसलों को खासा नुकसान हुआ था। इसके बाद सरकार ने प्रभावित फसलों का सर्वे भी कराया था। इसके बाद अब तीसरी बार फरवरी भीगेगा।
न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी
मौसम विभाग के अनुसार, एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने की वजह से पहाड़ी राज्यों में असर देखा गया। वहां बारिश और बर्फबारी हुई। इसकी वजह से एमपी में कहीं-कहीं हल्के बादल छाए रहे। रविवार को भी हल्के बादल रहे। 16 फरवरी से नया सिस्टम उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसमें एमपी भी शामिल हैं।
अभी रात में ही सर्दी का दौर
वर्तमान में प्रदेश में हल्की सर्दी का दौर ही जारी रहेगा। रात और सुबह के समय सर्दी रहेगी। ज्यादातर शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से ऊपर ही रहेगा। वहीं, रात में 30 डिग्री के पार पहुंच सकता है
भोपाल में रातें ठंडी रहती हैं, दिन गर्म
भोपाल में रातें ठंडी रहती हैं, जबकि दिन गर्म। वर्ष 2014 से 2024 के बीच 4 साल दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री के पार पहुंच गया था। रात में 7 साल पारा 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया। इस बार फरवरी में दिन का तापमान 30 डिग्री के पार है।





