नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म-ब्लैकमेलिंग केस- पीड़िता की तबीयत बिगड़ी

भोपाल, भोपाल में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार, छात्रा मानसिक रूप से परेशान है और डॉक्टरों की सलाह पर उसे चार दिन तक अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। रविवार को उसकी हालत में सुधार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया।
मामले की जांच स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) कर रही है। एसआईटी प्रमुख अंकिता खातरकर ने बताया कि एक आरोपी को न्यायालय से रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी मोबाइल फोन के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मोबाइल को लेकर अलग-अलग स्थानों पर खोने या नष्ट करने की बातें कही हैं। मोबाइल फोन की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
एसआईटी प्रमुख का कहना है कि फिलहाल छात्रा का बयान दर्ज नहीं हो सका है। उसकी सेहत सामान्य होने के बाद बयान दर्ज किए जाएंगे।
चार वाहन जब्त, थार से मिला धारदार हथियार
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चार वाहन जब्त किए हैं, जिनमें एक थार वाहन भी शामिल है। पुलिस का कहना है कि थार से एक धारदार हथियार बरामद हुआ है, जिसके आधार पर आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
पुलिस यह जांच कर रही है कि इन वाहनों का इस्तेमाल किन हालात में किया गया।
पीड़िता के आरोप- कार में रेप कर वीडियो बनाया
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने अलग-अलग समय पर कार में उसके साथ दुष्कर्म किया और कथित रूप से उसका वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया गया। एफआईआर में यह भी उल्लेख है कि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे पैसे की मांग की गई।
पुलिस का कहना है कि एफआईआर में लगाए गए सभी आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही की जा सकेगी।
होटल न जाने की वजहों की भी जांच कर रही SIT
पुलिस के एसआईटी यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों द्वारा होटल की बजाय गाड़ियों का इस्तेमाल क्यों किया गया। इस संबंध में आरोपी के बयानों और अन्य सबूतों का विश्लेषण किया जा रहा है।
धर्म परिवर्तन के आरोप भी जांच के दायरे में
एफआईआर में पीड़िता ने धर्म परिवर्तन का दबाव बनाए जाने का भी आरोप लगाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पहलू की भी अलग से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अन्य पीड़िताओं को लेकर कोई पुष्टि नहीं
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी अन्य पीड़िता की शिकायत सामने नहीं आई है। आरोपी से इस संबंध में पूछताछ की गई है, लेकिन उसने किसी अन्य वारदात में शामिल होने से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि यदि कोई अन्य शिकायत सामने आती है तो उस पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस बोली- मोबाइल फोन की बरामदगी की कोशिश
जांच कर रहीं एसआईटी की अधिकारी ने बताया कि पीड़िता हाल ही में अस्पताल से डिस्चार्ज हुई है। परिजन लगातार संपर्क में हैं। पीड़िता की स्थिति सामान्य होने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा। मोबाइल फोन की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। मिलने पर उसका फोरेंसिक परीक्षण कराया जाएगा।
होटल से हिंदू संगठनों को सूचना दिए जाने के डर
पुलिस के मुताबिक, होटल से हिंदू संगठनों को सूचना दिए जाने के डर से आरोपी पीड़िता के साथ कार में दुष्कर्म करते थे। माज की निशानदेही पर 9 फरवरी की रात तीन कार मारूति सियाज, स्विफ्ट और होंडा सिटी जब्त कर ली गई थीं। 13 फरवरी को उसकी थार भी जब्त की गई। इसी थार में पहली बार पीड़िता के साथ रेप किया गया और उसका वीडियो भी बनाया गया।
छात्रा पर धर्म परिवर्तन का भी दबाव बनाया
2 फरवरी को कोहेफिजा पुलिस ने 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा की शिकायत पर FIR दर्ज की थी। पीड़िता ने खानूगांव इलाके में कार में रेप करने, धर्म बदलने का दबाव बनाने और अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने के आरोप लगाए थे।
पुलिस ने इस मामले में 3 फरवरी को आरोपी ओसाफ अली खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। 8 फरवरी को दूसरे आरोपी माज खान की गिरफ्तारी की गई। वारदात में इस्तेमाल काले कांच की थार, माज की ही थी। माज रसूख दिखाने के लिए कई कार रखता था। जरूरत पड़ने पर अपने दोस्तों को भी देता था।
एमडी तस्करी केस में जमानत पर है माज का भाई
वहीं माज का बड़ा भाई मोनिस मादक पदार्थों की तस्करी में जमानत पर है। मोनिस का एमडी तस्करी, लव जिहाद और जमीनें कब्जा करने वाले यासीन मछली गैंग से भी रिश्ता सामने आ चुका है।
एसीपी बोलीं- छात्रा के जल्द बयान दर्ज करेंगे
केस की जांच कर रहीं एसआईटी की प्रमुख अंकिता खातरकर ने बताया कि पीड़िता हाल ही में अस्पताल से डिस्चार्ज हुई है। परिजन हमारे संपर्क में हैं। पीड़िता के स्वास्थ्य में सुधार होते ही उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। माज का मोबाइल फोन जब्त नहीं हो सका है। वह लगातार गुमराह कर रहा है और पूछताछ में मोबाइल के संबंध में जानकारी नहीं दे रहा है।





