नेशनल बैडमिंटन खिलाड़ी का सड़क पर जानलेवा ‘खेल’, चलती कार की छत पर किया स्टंट, पुलिस ने दर्ज किया केस

भोपाल। खेल के मैदान में अनुशासन का पाठ पढ़ने वाला भोपाल का नेशनल बैडमिंटन खिलाड़ी श्रेष्ठ परमार ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए सड़क पर मौत से खेलता नजर आया। शहर के एकांत पार्क रोड पर रात तीन बजे चलती कार में उसका जानलेवा स्टंट किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। श्रेष्ठ परमार पहले चलती कार की ड्राइविंग सीट छोड़कर सड़क पर उतर गया और फिर तय स्पीड पर जब कार आगे बढ़ती गई तो पीछे से दौड़कर उसने कार का गेट खोला फिर छत पर बैठा और इसके बाद खड़े होकर कई पोज दिए।
सोशल मीडिया पर रील वायरल होने के बाद कार्रवाई
इस दौरान पीछे चल रहे उसके दोस्त इस खतरनाक स्टंट का वीडियो बनाते रहे। 23 सेकंड की यह रील सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया। मामला सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने संज्ञान लेते हुए हबीबगंज थाने में शिकायत की। कार श्रेष्ठ की मां के नाम पर रजिस्टर है। घटना 6-7 फरवरी की रात करीब तीन बजे की है। जबकि वीडियो सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिसकर्मी जितेंद्र अटारिया ने गुरुवार को हबीबगंज थाने में इसकी शिकायत की थी।
बैडमिंटन की दुनिया में श्रेष्ठ परमार की उपलब्धियां
श्रेष्ठ परमार मध्य प्रदेश के उभरते हुए युवा बैडमिंटन खिलाड़ी हैं, जो अंडर-19 बालक सिंगल वर्ग में लगातार अपनी पहचान बना रहे हैं। वह मप्र बैडमिंटन एसोसिएशन की रैंकिंग के अनुसार राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं। श्रेष्ठ बेहतर प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल के लिए दिल्ली की एक प्रतिष्ठित बैडमिंटन अकादमी में नियमित अभ्यास करते हैं।





