रेल कर्मचारियों और पेंशनर्स सावधान! अधिकारियों के नाम पर आ रहे फर्जी कॉल, रेलवे ने जारी की चेतावनी

भोपाल। रेल प्रशासन ने कर्मचारियों और पेंशनर्स को सतर्क रहने की अपील की है। हाल ही में यह मामला सामने आया है कि कुछ लोग रेल अधिकारियों के नाम से फर्जी फोन कॉल कर रहे हैं। खासकर सेवानिवृत्त और जल्द सेवानिवृत्त होने वाले रेल कर्मचारियों को निशाना बनाया जा रहा है।
कॉल करने वाले व्यक्ति बैंक खाता नंबर, एटीएम डिटेल, ओटीपी, पिन और अन्य निजी जानकारी मांग रहे हैं। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कोई भी अधिकारी या विभाग फोन पर बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी, ओटीपी, पिन या पासवर्ड नहीं मांगता।
व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा न करें
यदि किसी कर्मचारी या पेंशनर को इस प्रकार का कॉल प्राप्त होता है तो वह अपनी कोई भी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा न करें। ऐसे कॉल पूरी तरह धोखाधड़ी का हिस्सा हो सकते हैं।
अधिकारियों ने सलाह दी है कि यदि किसी कॉल के माध्यम से किसी प्रकार की जानकारी मांगी जाए तो उसकी पुष्टि संबंधित कार्यालय या बैंक शाखा में व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर ही करें। केवल फोन पर मिली जानकारी के आधार पर किसी भी प्रकार की बैंक डिटेल साझा करना नुकसानदायक हो सकता है।
सतर्क रहें
रेल प्रशासन ने सभी कर्मचारियों और पेंशनर्स से अपील की है कि वे सतर्क रहें और साइबर ठगी से बचाव के लिए जरूरी सावधानी बरतें। किसी भी संदिग्ध कॉल या गतिविधि की सूचना तुरंत निकटतम रेलवे कार्यालय या साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।





