एमपी में फरवरी में चौथी बार बारिश का अलर्ट

भोपाल, लो प्रेशर एरिया (कम दबाव का क्षेत्र) और ट्रफ लाइन की वजह से मध्य प्रदेश में फरवरी में चौथी बार बारिश होगी। मौसम विभाग ने सोमवार को पूर्वी हिस्से के 8 जिलों में बारिश, गरज-चमक और आंधी का अलर्ट जारी किया है। इनमें सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, मंडला, डिंडौरी और बालाघाट जिले शामिल हैं।

IMD (मौसम केंद्र) भोपाल के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक लो प्रेशर एरिया एक्टिव है। वहीं, यहां से एक ट्रफ लाइन भी गुजर रही है, जिसका असर एमपी में भी रहेगा।

रविवार को दक्षिणी हिस्से के कई जिलों में मौसम बदला रहा, जबकि सोमवार को पूर्वी हिस्से में बारिश का अनुमान है।मौसम विभाग ने पहले 22 फरवरी को एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने का अलर्ट जारी किया था, लेकिन यह सिस्टम आगे बढ़ गया।

इसी बीच लो प्रेशर एरिया और ट्रफ की एक्टिविटी शुरू हो गई। इसके चलते सोमवार को बारिश होने का अनुमान है।

फरवरी में तीन बार बारिश वाला मौसम

बता दें कि फरवरी के शुरुआत में ही प्रदेश में दो बार ओले, बारिश और आंधी का दौर रह चुका है। इससे फसलों को खासा नुकसान हुआ था।

इसके बाद सरकार ने प्रभावित फसलों का सर्वे भी कराया था। 18 फरवरी से तीसरी बार प्रदेश भीग गया है। 19, 20 और 21 फरवरी को भी असर रहा।

अब चौथी बार बारिश होने के आसार है। 23 फरवरी को फिर से बारिश हो सकती है।

रात में सर्दी से राहत, दिन में पारा लुढ़का

बारिश की वजह से दिन के तापमान में गिरावट हुई है। रविवार को सर्द हवाओं से थोड़ी राहत मिली। शनिवार-रविवार की रात में पचमढ़ी में ही पारा सबसे कम 10.2 डिग्री दर्ज किया गया।

वहीं, राजगढ़ में 11 डिग्री, कल्याणपुर में 11.2 डिग्री, करौंदी में 11.4 डिग्री और मंदसौर मे 11.5 डिग्री रहा। बाकी में पारा बढ़ा गया।

भोपाल में रातें ठंडी रहती हैं, दिन गर्म

भोपाल में रातें ठंडी रहती हैं, जबकि दिन गर्म। वर्ष 2014 से 2024 के बीच 4 साल दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री के पार पहुंच गया था। रात में 7 साल पारा 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया। इस बार फरवरी में दिन का तापमान 30 डिग्री के पार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button