MP के सरकारी स्कूलों में ‘शिक्षक वार्डन’ बढ़ाएंगे विद्यार्थियों की संख्या, 1 अप्रैल से शुरू होगा नया सत्र, घर-घर दस्तक देंगे शिक्षक

भोपाल। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने और शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने इस बार खास तैयारी की है। लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार सत्र 2026-27 की कक्षाएं एक अप्रैल से प्रारंभ होंगी। नए सत्र के शुरू होते ही प्रवेशोत्सव भी मनाया जाएगा और विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक विद्यार्थियों का नामांकन कराया जाएगा।

शिक्षक को वार्डन के रूप में नियुक्त किया जाएगा

डीपीआई के निर्देशों के तहत प्रत्येक कक्षा में एक शिक्षक को वार्डन के रूप में नियुक्त किया जाएगा। शिक्षक वार्डन की जिम्मेदारी होगी कि वे विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति पर नजर रखें और अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों से संपर्क करें। नामांकन बढ़ाने के लिए शिक्षक घर-घर जाकर संपर्क अभियान चलाएंगे। इस दौरान वे अभिभावकों को स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों, गणवेश, छात्रवृत्ति और अन्य शासकीय योजनाओं की जानकारी देंगे।

सभी कक्षाओं की परीक्षाएं समाप्त होने के बाद उनके परिणाम (आठवीं, नौवीं व 11वीं) 23 मार्च को घोषित किए जाएंगे। इन विद्यार्थियों को परिणाम के आधार पर अगली कक्षा में 24 मार्च से 31 मार्च तक प्रवेश दिया जाएगा। दो अप्रैल को शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की बैठक आयोजित कर प्रवेशोत्सव में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा।

सभी कक्षाओं की प्रवेश प्रक्रिया मार्च तक होगी पूरी

सभी स्कूलों में प्राचार्यों द्वारा मार्च माह तक सभी कक्षाओं की प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। नौवीं, 10वीं और 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों को भी प्रोविजनल प्रवेश दिया जाएगा, ताकि उनकी पढ़ाई समय पर शुरू हो सके। पाठ्यपुस्तकों का वितरण एक अप्रैल को पूरा कर लिया जाएगा, ताकि कक्षाएं सुचारु रूप से संचालित की जा सकें। इसके अलावा सभी स्कूलों को 30 मार्च तक भवनों की रंगाई-पुताई, साफ-सफाई और आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों का क्या कहना

सभी स्कूलों की कक्षाएं एक अप्रैल से शुरू होंगी और प्रवेश प्रक्रिया 30 मार्च तक पूरी कर ली जाएगी।

केके द्विवेदी, संचालक, डीपीआई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button