पासवर्ड मैनेजमेंट कंपनी नॉर्डपास (NordPass) की एक नई स्टडी से पता चला है कि भारत में लोग अभी भी पासवर्ड के तौर पर 123456 जैसे आसान नंबर कॉम्बिनेशन का सबसे ज्यादा इस्तेमाल करते हैं। रिसर्च में यह भी सामने आया है कि अलग-अलग पीढ़ियों के लोग अपने पसंदीदा म्यूजिक, फिल्मों, वीडियो गेम और इंटरनेट ट्रेंड्स का इस्तेमाल करके ऐसे पासवर्ड बनाते हैं, जिन्हें वे आसानी से याद रख सकें। मेटालिका जैसी पुरानी चीजों से लेकर स्किबिडी टॉयलेट जैसे नए ट्रेंड्स तक, ये नतीजे दिखाते हैं कि लोगों की पसंद और पॉपुलर कल्चर उनके पासवर्ड चुनने का जरिया बनते जा रहे हैं। इससे इन पासवर्ड का अंदाजा लगाना और भी आसान हो जाता है। यह स्टडी भारत और 44 अन्य देशों में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले पासवर्ड का एनालिसिस करती है, जिससे यह समझ आता है कि लोग किस तरह पासवर्ड चुनते हैं और उनका दोबारा इस्तेमाल करते हैं।
सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला पासवर्ड
यह स्टडी NordPass ने NordLayer Intelligence और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के साथ मिलकर की है। इसमें सितंबर 2025 से सितंबर 2026 के बीच हुए डेटा लीक और डार्क वेब पर सामने आए पासवर्ड्स की जांच की गई है। स्टडी के अनुसार, भारत में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला पासवर्ड अभी भी 123456 है। इसके बाद 12345678 और admin का नंबर आता है। देश के टॉप 20 पासवर्ड की लिस्ट में आसान नंबरों और रोजमर्रा के आम शब्दों से बने पासवर्ड्स ही हैं। लिस्ट में 1234, 12345, 123456789, password और 1234567890 शामिल हैं। इसके अलाव Admin@123, Welcome@123, admin@123 और India@123 जैसे पासवर्ड भी हैं।
दुनिया में सबसे ज्यादा लोग यूज करते हैं 123456
इनका बार-बार इस्तेमाल यह बताता है कि किसी जाने-पहचाने शब्द के साथ कोई संख्या या स्पेशल कैरेक्टर जोड़ने से पासवर्ड का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाए, ऐसा जरूरी नहीं है।ग्लोबल स्तर पर 123456 अभी भी टॉप पर बना हुआ है। admin पासवर्ड दूसरे नंबर पर है और तीसरे स्थान पर 12345678 है। नॉर्डपास (NordPass) ने बताया कि पिछले साल की लिस्ट के मुकाबले टॉप चार पासवर्ड में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
स्पेशल कैरेक्टर का इस्तेमाल भी बढ़ा
स्टडी में यह भी पाया गया कि पासवर्ड में स्पेशल कैरेक्टर के इस्तेमाल में वृद्धि हुई है। इस साल की ग्लोबल सूची में 39 पासवर्ड में स्पेशल कैरेक्टर शामिल थे। पहले ऐसे 32 पासवर्ड थे।