नई दिल्ली: भारत के खिलाफ साजिश रहे तुर्की को सबक सिखाने का सही समय आ गया है। भारत को अब सार्वजनिक रूप से तुर्की के उस अत्याचार का मुद्दा उठाना चाहिए, जो वह लंबे समय से कुर्द अल्पसंख्यकों पर कर रहा है। ये इसलिए भी बेहद जरूरी हो गया है, क्योंकि भारत के खिलाफ तुर्की अपनी चालें चलने से बाज नहीं आ रहा है। ये कहना है अंतरराष्ट्रीय मामलों के भारतीय एक्सपर्ट और पूर्व विदेश सचिव कंवल सिब्बल का।
भारत के लिए खतरा क्यों है तुर्की

इस्लामीकरण की तरफ बढ़ रहा तुर्की भारत के खिलाफ राजनीतिक चालें चलता रहता है। दुनिया में ऐसा कोई और देशों का ग्रुप नहीं है, जिसने धर्म के आधार पर कोई अंतरराष्ट्रीय मंच बनाया हो।

कंवल सिब्बल, पूर्व विदेश सचिव

तुर्की के किस समूह की हो रही बात

हमेशा पाकिस्तान को सपोर्ट करने वाला तुर्की, भारत की आलोचना करने में कभी पीछे नहीं रहता। ऐसे में तुर्की, पाकिस्तान और सऊदी अरब ने मिलकर 'मक्का समझौते' पर साइन किए हैं। इस पैक्ट के मुताबिक किसी भी एक देश पर यदि हमला होता है तो उसे तीनों देशों के ऊपर हमला माना जाएगा।
तुर्की के कब्जे का मुद्दा उठाए भारत

मक्का समझौते का नाम लिए बिना कंवल सिब्बल ने इस ग्रुप पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह समूह उन लोगों के प्रति असहिष्णुता है, जो मुसलमान नहीं हैं। तुर्की जैसे देश इस तरह की चालों से अपनी 'इस्लामी ताकत' का प्रदर्शन करते हैं। तुर्की अपने ही देश के मुसलमानों और पड़ोसी देशों में रहने वाले कुर्द लोगों के लिए बेहद क्रूर है। समय आ गया है कि भारत सार्वजनिक रूप से उत्तरी साइप्रस पर तुर्की के अवैध कब्जे का मुद्दा उठाए। सिब्बल ने भारत को कुर्दों पर हो रहे अत्याचार का मुद्दा उठाने की सलाह भी दी है।

भारत के खिलाफ तुर्की ने क्या किया

  • पाकिस्तान का भारत के खिलाफ हमेशा समर्थन करता है तुर्की। तुर्की वोटिंग भी पाकिस्तान के सपोर्ट में करता है।

  • तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन कई बार UN में कश्मीर का मुद्दा उठाकर भारत पर निशाना साध चुके हैं।

  • ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तुर्की ने पाकिस्तान का खुलकर समर्थन किया। तुर्की ने पाकिस्तान को ड्रोन भी मुहैया कराए।