मेलाना। ग्राम पंचायत मेलाना में सरपंच चुनाव 2026 को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच सरपंच पद के प्रत्याशी चैनराम अहीर ने ग्रामीणों के समक्ष अपना विकास का संकल्प पत्र जारी किया है। संकल्प पत्र में उन्होंने गांव के सर्वांगीण विकास और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 24 प्रमुख वादे किए हैं।

प्रत्याशी चैनराम अहीर ने अपने संकल्प पत्र में मेलाना तालाब का सौंदर्यीकरण एवं संपूर्ण विकास करवाने, तालाब की पाल पर आकर्षक उद्यान और खेल मैदान का निर्माण करवाने तथा तालाब को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कर नौका विहार की व्यवस्था करने का वादा किया है।

इसके साथ ही गांव के सभी मंदिरों का सौंदर्यीकरण, खेतों तक प्रॉपर सड़कों का निर्माण, पेयजल व्यवस्था को मजबूत करना, प्रत्येक वार्ड में पक्की सीसी सड़कें एवं नालियों का निर्माण करवाना भी उनके प्रमुख संकल्पों में शामिल है।

शिक्षा और रोजगार को लेकर भी उन्होंने कई घोषणाएं की हैं। इनमें मेधावी छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता, युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने एवं कौशल प्रशिक्षण में सहयोग, BPL परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलवाना तथा पात्र परिवारों को नि:शुल्क आवासीय पट्टे दिलवाने का संकल्प शामिल है।

संकल्प पत्र में ग्रामीणों के लिए नियमित बस संचालन, जरूरतमंदों के लिए नि:शुल्क चिकित्सा शिविर, गौशाला निर्माण में सहयोग, गांव में सामुदायिक भवन निर्माण, सरकारी कार्यों में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था स्थापित करने जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता दी गई है।

इसके अलावा गणेश चतुर्थी एवं नवरात्रि स्थापना के अवसर पर 5,100 रुपये की निजी आर्थिक सहायता देने तथा दुर्घटना या असामयिक मृत्यु की स्थिति में प्रभावित परिवार को 11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का भी वादा किया गया है।

युवा जोश के साथ विकास का संकल्प

प्रत्याशी चैनराम अहीर ने अपने चुनावी संदेश में कहा है कि उनका उद्देश्य सभी ग्रामीणों को साथ लेकर गांव का सर्वांगीण विकास करना है। उनका चुनावी नारा है— “अबकी बार बदलाव की बारी, गांव के विकास की पूरी जिम्मेदारी।”

अब ग्राम पंचायत मेलाना में चुनावी माहौल के बीच प्रत्याशी द्वारा जारी किए गए इस 24 सूत्रीय विकास संकल्प पत्र को लेकर ग्रामीणों में चर्चा का दौर शुरू हो गया है।