देशभर में स्पैम कॉल्स और मैसेज पर लगाम लगाने के इरादे से की गई कार्रवाई पर आधारित TRAI ने अपनी तिमाही रिपोर्ट पेश की है। यह रिपोर्ट 1 जुलाई से 30 सितंबर 2026 के बीच टेलीकॉम कंपनियों द्वारा की गई कार्रवाई से जुड़ी है। रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान AI सिस्टम की मदद से करीब 19.9 अरब संदिग्ध स्पैम कॉल्स और SMS पकड़े गए।
वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले 13,777 कनेक्शन एक साल के लिए बंद भी किए गए। इसके अलावा 374 सेंडर्स को ब्लैकलिस्ट में डाल दिया गया। रिपोर्ट बताती है कि स्पैम के खिलाफ टेक्निकल और प्रशासनिक सख्ती लगातार बढ़ रही है।
शिकायतों पर एक्शन और कार्रवाई
TRAI की रिपोर्ट के अनुसार इस तिमाही में स्पैम कॉल की कुल 15.29 लाख शिकायतें मिलीं, जिनमें से 7.23 लाख कार्रवाई के लायक पाई गईं।
पहली बार नियम तोड़ने पर 1,10,325 नंबरों पर 15 दिनों की रोक लगाई गई, जबकि बार-बार गलती करने पर 13,777 कनेक्शन एक साल के लिए काट दिए गए।
वहीं 3,725 SMS हेडर भी ब्लॉक किए गए। साथ ही संदिग्ध सेंडर्स की पहचान के लिए 34,030 मामलों में e-KYC जांच की गई, जिसमें वेरिफिकेशन फेल होने पर 9,970 नंबर बंद कर दिए गए।
AI सिस्टम ने की बड़ी मदद
TRAI की रिपोर्ट में निकल कर आया है कि स्पैम कॉल्स को रोकने के लिए टेलीकॉम कंपनियों के AI सिस्टम ने बड़ी मदद की है। इस सिस्टम ने तीन महीनों में 18.28 अरब इनकमिंग कॉल्स और 1.62 अरब SMS को संदिग्ध स्पैम के रूप में पहचाना।
रिपोर्ट के अनुसार इसके अलावा स्पैम भेजने वाली संस्थाओं को 45.9 लाख चेतावनी नोटिफिकेशन भी भेजे गए।
वहीं TRAI के DND फीचर के जरिए करीब 14.21 लाख शिकायतें मिलीं, जो कुल शिकायतों का 92.9 प्रतिशत हिस्सा रहीं।
23 करोड़ से कम लोगों की DND सर्विस एक्टिव
गौरतलब है कि देश के 134.9 करोड़ टेलीकॉम ग्राहकों में से सिर्फ 22.44 करोड़ यानी मात्र 16.64% ने ही डीएनडी सर्विस एक्टिवेट की है, जबकि 112 करोड़ से ज्यादा ग्राहकों ने अब तक इसे सेट नहीं किया है।
DND की वजह से 1.70 अरब प्रमोशनल कॉल्स और 11.09 अरब मैसेज ब्लॉक हुए। ग्राहकों की मदद के लिए प्रमोशनल कॉल्स के लिए 140 सीरीज और बैंकिंग के साथ-साथ सरकारी सेवाओं के लिए 1600 सीरीज तय की जा चुकी है।
इसके साथ ही 10 अगस्त 2026 से यूटिलिटी, लॉजिस्टिक्स और डिलीवरी सेक्टर की सर्विस कॉल्स के लिए 1601 सीरीज भी शुरू की गई है।