नई दिल्ली: भारत सरकार के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट यानी कि PUC Certificate की वैलिडिटी को लेकर एक बड़ा बदलाव किया है। मंत्रालय ने इसके लिए केंद्रीय मोटर वाहन अधिनियम 1989 में 16वां संशोधन किया है। इसको लेकर सरकार ने आज 19 नवंबर को एक अधिसूचना जारी कर दी है।
आखिर वाहनों के लिए PUC सर्टिफिकेट क्यों जरूरी है, प्राइवेट और कमर्शियल गाड़ियों के लिए इसकी अब नई वैलिडिटी क्या है, इसके ना होने पर कितना जुर्माना लग सकता है और इसको कहां से बनवाया जा सकता है, आइए इसके बारे में पूरी जानकारी जानते हैं।
PUC सर्टिफिकेट क्यों जरूरी है?
PUC सर्टिफिकेट जिसे पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट कहा जाता है, क्या आपने कभी सोचा है कि यह क्यों जरूरी होता है? आइए इसके बारे में जानते हैं। भारत में बिना पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट के गाड़ी चलाना कानूनन अपराध है। अगर कोई बिना इस प्रमाणपत्र के गाड़ी को चलाता है तो पकड़े जाने पर कानून के तहत उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
अब पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट की बात करें तो यह साबित करता है कि आपके वाहन से निकलने वाला धुआं सरकारी मानकों के अंदर या सरकारी नियमों का पालन कर रहा है। यह प्रदूषण फैलने से रोकने के लिए और स्वच्छ पर्यावरण को बनाए रखने के लिए काफी जरूरी होता है।
BS-VI मानकों वाली प्राइवेट गाड़ियों के लिए क्या है बदलाव?
हमारे सहयोगी ईटी की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस आधिकारिक गजट के माध्यम से अधिसूचित 'केंद्रीय मोटर वाहन (16वां संशोधन) नियम, 2026' के तहत, BS-VI मानकों वाले वाहनों के लिए PUC प्रमाणपत्रों की वैधता (वैलिडिटी) अवधि लंबी होगी और इनके रिन्यूअल (नवीनीकरण) की फ्रीक्वेंसी पहले रजिस्ट्रेशन की तारीख से जुड़ी होगी।
BS-VI मानकों वाले गैर-परिवहन (Non-transport) यानी कि प्राइवेट गाड़ियों के लिए, 6 साल तक पुराने वाहनों के PUC प्रमाणपत्र 3 साल के लिए मान्य होंगे।
6 साल से अधिक लेकिन 10 साल तक पुराने वाहनों के प्रमाणपत्रों का रिन्यूअल हर साल करना होगा।
10 साल से अधिक पुराने वाहनों के लिए हर 6 महीने में रिन्यूअल कराना आवश्यक होगा।
BS-VI मानकों वाले कमर्शियल गाड़ियों के लिए क्या है बदलाव?
BS-VI मानकों वाले परिवहन (Transport) यानी कमर्शियल वाहनों के लिए, 6 साल तक पुराने वाहनों के प्रमाणपत्र 2 साल के लिए मान्य होंगे।
6 साल से अधिक और 10 साल तक पुराने वाहनों के लिए वार्षिक नवीनीकरण यानी कि हर साल रिन्यूअल की जरूरत होगी।
10 साल से अधिक पुराने वाहनों के प्रमाणपत्रों का नवीनीकरण हर 6 महीने में कराना होगा।
इनके लिए 3 और 6 महीने की मान्यता
वहीं, सरकार के द्वारा संशोधित इन नियमों में पुराने उत्सर्जन मानकों (Emission Standards) का पालन करने वाली गाड़ियों के लिए कम वैधता अवधि तय की गई है। इसके अनुसार, BS-I, BS-II और BS-III उत्सर्जन मानदंडों को पूरा करने वाले वाहनों के PUC प्रमाणपत्र 3 महीने के लिए मान्य होंगे। वहीं, BS-IV मानदंडों का पालन करने वाले वाहनों के प्रमाणपत्र 6 महीने के लिए मान्य होंगे।
BS-6 वाहनों के लिए नई वैलिडिटी
बिना PUC सर्टिफिकेट गाड़ी चलाने पर कितना जुर्माना लग सकता है?
अगर कोई बिना PUC सर्टिफिकेट गाड़ी चलाता है, तो उसपर कानून के तहत जुर्माना का प्रावधान है। यह अलग-अलग राज्यों के हिसाब से अलग-अलग हो सकता है। हालांकि, दिल्ली और इसके एनसीआर क्षेत्र की बात करें तो यहां प्रदूषण को लेकर बहुत ही सख्त नियम हैं। यहां इन नियमों का उल्लंघन करने और बिना PUC सर्टिफिकेट गाड़ी चलाने पर 10 हजार रुपये तक का जुर्माना लग सकता है या चालान कट सकता है। कुछ मामलों में जेल या लाइसेंस को कुछ दिनों तक जब्त या सस्पेंड करने के भी सख्त नियम हैं।
PUC सर्टिफिकेट कैसे बनता है?
PUC सर्टिफिकेट बनवाने के लिए वाहन मालिकों को अधिकृत PUC सेंटर जाना होता है। वहां पर अपने वाहन की प्रदूषण जांच कराने के बाद PUC सर्टिफिकेट को बनाने की प्रक्रिया शुरू होती है। जांच में अगर आपकी गाड़ी का धुआं उत्सर्जन सीमा के अंदर पाया जाता है जो आपको PUC सर्टिफिकेट जारी कर दिया जाता है। इसके लिए कितना पैसा लगेगा, यह आपकी गाड़ी के हिसाब से अलग-अलग हो सकता है।
आप अपने इस PUC सर्टिफिकेट को ऑनलाइन भी प्राप्त कर सकते हैं। इसे परिवहन सेवा की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है।
कमर्शियल वाहनों के लिए 6 साल तक पुरानी गाड़ियों के PUC सर्टिफिकेट की वैलिडिटी क्या है?
कमर्शियल वाहनों के लिए 6 साल तक पुरानी गाड़ियों के PUC सर्टिफिकेट की वैलिडिटी 2 साल है।
10 साल से अधिक पुराने कमर्शियल वाहनों के लिए कितने समय बाद पीयूसी सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा?
10 साल से अधिक पुराने कमर्शियल वाहनों के लिए पीयूसी सर्टिफिकेट हर 6 महीने में रिन्यू कराना होगा।BS-VI वाली 6 साल पुरानी प्राइवेट गाड़ियों के लिए PUC सर्टिफिकेट की वैलिडिटी क्या है?
BS-VI वाली 6 साल पुरानी प्राइवेट गाड़ियों के लिए PUC सर्टिफिकेट की वैलिडिटी 3 साल है।6 साल से अधिक, लेकिन 10 साल तक पुरानी प्राइवेट गाड़ियों के PUC सर्टिफिकेट कब रिन्यू कराना होगा?
6 साल से अधिक, लेकिन 10 साल तक पुरानी प्राइवेट गाड़ियों के PUC सर्टिफिकेट को हर साल रिन्यू कराना होगा।10 साल से अधिक पुराने प्राइवेट वाहनों के लिए कितने समय बाद पीयूसी सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा?
10 साल से अधिक पुराने प्राइवेट वाहनों के लिए पीयूसी सर्टिफिकेट हर 6 महीने में रिन्यू कराना होगा।