नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे के बीच आज से रायपुर में तीन टी20 मैचों की सीरीज शुरू हो रही है। भारतीय टीम स्मृति मंधाना की कप्तानी में मैदान पर उतरेंगी। हाल में ही उन्हें टीम का नियमित कप्तान बनाया गया है। पूर्ण रूप से कप्तान की जिम्मेदारी मिलने के बाद यह स्मृति की पहली सीरीज होगी। जिम्बाब्वे सीरीज में मंधाना इंटरनेशनल टी20 क्रिकेट का एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती हैं।

स्मृति को सिर्फ 133 रनों की जरूरत

स्मृति मंधाना अगर जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज में 133 रन बनाने में सफल रहती हैं, तो टी20 इंटरनेशनल में उनके 5,000 रन पूरे हो जाएंगे और ऐसा करने वाली वह दुनिया की पहली बल्लेबाज (महिला या पुरुष) होंगी। मंधाना पारी की शुरुआत करती हैं और शानदार फॉर्म में हैं। ऐसे में पूरी संभावना है कि जिम्बाब्वे सीरीज में वह 5000 रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगी।
इंटरनेशनल महिला टी20 में स्मृति पहले से ही सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बैटर हैं। बाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने 2013 से अब तक 179 टी20 मैचों की 172 पारियों में 2 शतक और 37 अर्धशतक लगाते हुए 4,867 रन बनाए हैं। न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स दूसरी सफलतम बल्लेबाज हैं। बेट्स ने 2007 से 2026 के बीच 186 मैचों की 178 पारियों में 1 शतक और 28 अर्धशतक लगाते हुए 4,758 रन बनाए हैं। तीसरे स्थान पर हाल ही में टीम इंडिया की कप्तानी छोड़ने वाली हरमनप्रीत कौर हैं। हरमन ने 2009 से लेकर अब तक 210 टी20 मैचों की 188 पारियों में 1 शतक और 18 अर्धशतकों की बदौलत 4,346 रन बनाए हैं।
पुरुष क्रिकेट में बाबर आजम टॉप पर

पुरुष टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के बाबर आजम के नाम है। बाबर ने 2016 से अब तक खेले 145 मैचों की 136 पारियों में 3 शतक और 39 अर्धशतक लगाते हुए 4,596 रन बनाए हैं। दूसरे स्थान पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर हैं। बटलर ने 2011 से अब तक के अपने करियर में 163 मैचों की 150 पारियों में 2 शतक और 30 अर्धशतक लगाते हुए 4,384 रन बनाए हैं।

भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा तीसरे स्थान पर हैं। रोहित ने 2007 से 2024 के बीच 159 मैचों की 151 पारियों में 5 शतक और 32 अर्धशतक लगाते हुए 4,231 रन बनाए हैं। चौथे स्थान पर विराट कोहली हैं। विराट ने 2010 से 2024 के बीच 125 मैचों की 117 पारियों में 1 शतक और 38 अर्धशतक लगाते हुए 4,188 रन बनाए हैं।