राजस्थान के लोग एसिडिटी-गैस के 57.87 करोड़ कैप्सूल और टेबलेट खा जाते हैं। एसिडिटी की दवा ओमेप्राजोल की सालाना खपत 29.38 करोड़ कैप्सूल और गंभीर गैस, सीने में जलन व उल्टी की दवा पैंटोप्राजोल और डोमपरिडोन की सालाना खपत 28.49 करोड़ कैप्सूल है।

ये आंकड़ा डरावना है, क्योंकि एक्सपट्‌र्स के अनुसार, अल्सर-छाले का मरीज लंबे समय पैंटोप्राजोल-ओमेप्राजोल जैसी दवाएं ले तो एक हजार में से एक मरीज में कैंसर की आशंका रहती है।

इसी तरह कुत्ते के काटने और सांप के डसने पर भी हर साल 40 करोड़ रुपए खर्च हो रहे हैं। राजस्थान मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड की ओर से जारी ये आंकड़े सरकारी हॉस्पिटल में उपलब्ध कराई गई दवाइयों के आधार पर हैं।

डॉक्टर 2 से 3 महीने के लिए ही लिखते हैं दवा

सवाई मानसिंह हॉस्पिटल (SMS) में असिस्टेंट प्रोफेसर गोविंद रांकावत ने बताया कि ज्यादा जरूरी होने पर डॉक्टर दो से तीन महीने के लिए ही ये दवाइयां प्रिस्क्राइब करते हैं।

कई बार मरीज एक साथ कई दवाएं ले लेते हैं। उन्हें भी दवाएं लेने में कुछ समय का अंतराल रखना चाहिए। जहां तक ज्यादा दवाइयां लेने की बात है तो कई मरीजों को इन दवाओं की इसलिए भी आवश्यकता पड़ती है।

क्योंकि वे अन्य बीमारियों की दवाएं लेते हैं, जिसके कारण भी गैस्ट्रिक प्रॉब्लम हो जाती है।


पिछले साल कुत्तों ने 5.93 लाख काे काटा

साल 2021 से साल 2025 तक राजस्थान में डॉग बाइट के 18 लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार साल 2021 में 88,259, साल 2022 में 278244, साल 2023 में 427806, साल 2024 में 460309 और साल 2025 में 593999 केसेज सामने आए।

पिछले साल सरकारी अस्पतालों में रेबीज वैक्सीन की 19 लाख डोज उपलब्ध कराई गई। सांप के डसने के मामलों में 3 लाख से अधिक डोज उपलब्ध कराई।


सबसे ज्यादा खर्च वाली 5 दवाइयों में 2 एंटीबायोटिक

  • अमॉक्सीसीलीन और पोटेशियम क्लावुलैनेट : निमोनिया, साइनस और गंभीर बैक्टीरियल इन्फेक्शन के लिए इस एंटीबायोटिक पर हर साल 75.69 करोड़ रुपए खर्च

  • ह्यूमन एल्बुमिन सॉल्यूशन : लिवर फेलियर या खून में प्रोटीन की भारी कमी के इलाज के लिए इस दवा पर पिछले साल सरकार ने 55.20 करोड़ रुपए खर्च किए।

  • नॉर्मल ह्यूमन इंट्रावेनस इम्युनोग्लोबुलिन : रोग प्रतिरोधक क्षमता की गंभीर गड़बड़ियों और तंत्रिका तंत्र के विकारों के इलाज में काम आने वाली इस दवा पर 47.93 करोड़ रुपए खर्च

  • एजिथ्रोमाइसिन : गले के संक्रमण और टाइफाइड जैसी बीमारियों के इलाज के लिए इस एंटीबायोटिक पर करीब 40.65 करोड़ रुपए खर्च।

  • रेबीज वैक्सीन : कुत्ते या अन्य आवारा जानवरों के काटने पर लगने वाले इस जीवन-रक्षक टीके पर भी पिछले साल करीब 24.81 करोड़ रुपए खर्च हुए।

टॉप 5 सबसे महंगे मेडिकल इक्यूपमेंट और मेडिसिन

  • अल्ट्रासोनिक हार्मोनल स्केपेल केबल : ओपन सर्जरी के दौरान चीर-फाड़ करने और खून बहने से रोकने वाले इस अत्याधुनिक सर्जिकल उपकरण की कीमत करीब 1 लाख 21 हजार 463 रुपए प्रति यूनिट है।

  • डुरवालुमाब इंजेक्शन : फेफड़े और अन्य गंभीर प्रकार के कैंसर के इलाज में काम आने वाले इस आधुनिक कैंसर-रोधी इंजेक्शन की एक डोज की कीमत लगभग 1 लाख 11 हजार 605 रुपए है।

  • नॉनैकोग बीटा पेगोल : खून का थक्का न जमने की आनुवंशिक बीमारी से पीड़ित मरीजों के जीवन की रक्षा करने वाली इस विशेष दवा की कीमत 85 हजार 400 रुपए है।

  • रिकांबिनेंट कोगुलेशन फैक्टर : गंभीर ब्लीडिंग और हीमोफीलिया के संकट को टालने वाले इस इंजेक्शन की कीमत लगभग 76 हजार 54 रुपए है।

  • सिटुक्सिमैब : सिर, गर्दन और कोलोरेक्टल कैंसर के इलाज में उपयोग होने वाली इस कीमोथेरेपी दवा की एक शीशी की कीमत करीब 73 हजार रुपए है।