दिल्ली के चावड़ी बाजार में गुरुवार सुबह तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढह गई। अधिकारियों के मुताबिक, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है।
हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। घटना सुबह 9:50 बजे चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली सितारा में हुई।
सूचना मिलते ही दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। इनमें पानी के टैंकर और बचाव वाहन भी शामिल हैं। अभी घटनास्थल के वीडियो या फोटो सामने नहीं आए हैं।
दिल्ली में इस साल बिल्डिंग गिरने से 21 मौतें, 5 बड़े हादसे
1. 30 मई: सैदुलाजाब इलाके में वेस्टर्न मार्ग पर चार मंजिला व्यावसायिक इमारत ढह गई। इसमें कोचिंग सेंटर, कैफे और ऑफिस चल रहे थे। मलबा पास की कैंटीन पर भी गिरा, जहां छात्र मौजूद थे। हादसे में 6 लोगों की मौत हुई और 13 लोग घायल हुए।
2. 8 जुलाई: रोहिणी सेक्टर-16 में बारिश के दौरान दो निर्माणाधीन इमारतें ढह गईं। हादसे के बाद कई लोग मलबे में दब गए। बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत अभियान चलाया। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हुई।
3. 21 अगस्त: करोल बाग के रेगरपुरा इलाके में प्यारे लाल रोड पर एक इमारत का हिस्सा गिर गया। यहां इमारत को तोड़ने का काम चल रहा था। हादसे में वहां काम कर रहे एक मजदूर की मौत हुई और दो लोग घायल हो गए।
4. 6 सितंबर: सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत ढह गई। इस इमारत में लड़कों का PG चल रहा था। हादसे के समय बेसमेंट में मरम्मत का काम हो रहा था। बचाव दल ने मलबे से लोगों को बाहर निकाला। हादसे में 7 लोगों की मौत हुई और 5 घायल हुए।
5. 7 अक्टूबर: सीमापुरी इलाके में चार मंजिला इमारत का अगला हिस्सा ढह गया। हादसे में आसपास के लोग भी मलबे की चपेट में आए। बचाव दल ने 11 लोगों को बाहर निकाला। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हुई और 8 लोग घायल हुए।