दिवाली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए OpenAI ने ChatGPT Voice को एक फेस्टिव प्लानिंग असिस्टेंट के तौर पर पेश किया है, जो खरीदारी करने और बजट संभालने से लेकर मेहमानों की देखभाल करने तक, यह हर काम में आपकी मदद कर सकता है। कंपनी के अनुसार, GPT-Live-1.1 में मौजूद भारतीय आवाजों की मदद से यूजर्स अपनी स्थानीय भाषा में बात करके बजट, गिफ्ट आइडियाज, बची हुई चीजों से लास्ट मिनट रेसिपीज और यहां तक कि घर की ट्रेडिशनल रेसिपीज को स्टेप बाय स्टेप फॉर्मेट में सेव करने जैसे काम आसानी से निपटा सकते हैं। OpenAI का मकसद इस वॉइस फीचर के जरिए त्योहार की तैयारियों के तनाव को कम करना है। आइये, इसे इस्तेमाल करने का तरीका जानते हैं।
अपनी भाषा मेें कर सकते हैं बात
OpenAI के मुताबिक, नीर और लहर जैसी भारतीय आवाजों की मदद से लोग चैटजीपीटी से बिल्कुल अपनी भाषा और जाने-पहचाने अंदाज में खुलकर बात कर सकते हैं। इससे अपने घर के बजट, पसंद और रीति-रिवाजों पर चर्चा करना काफी आसान हो जाता है और आपकी जरूरतों के हिसाब से सही सलाह भी तुरंत मिल जाती है।
रिकॉर्ड कर सकते हैं रेसिपी
OpenAI ने इसका और इस्तेमाल पारिवारिक रेसिपी को रिकॉर्ड करना बताया है। कंपनी का कहना है कि दादा-दादी या नाना-नानी बोलकर रेसिपी बता सकते हैं तो चैटजीपीटी इस फीचर के जरिए बोलकर बताई गई चीजों और तरीकों को लिखकर एक जगह संभाल सकता है।
गिफ्ट देने में भी कर सकता है मदद
चैटजीपीटी गिफ्ट खरीदने में भी आपकी मदद कर सकता है। आप जिसे गिफ्ट देना चाहते हैं, उसकी पसंद, काम और अपने बजट के हिसाब से इससे नए-नए आइडिया ले सकते हैं। OpenAI के मुताबिक, जब आप दुकान या मॉल में शॉपिंग कर रहे हों तब भी चैटजीपीटी से पूछ सकते हैं। बस उसे यह बता दें कि गिफ्ट किसके लिए है और आप कितने रुपये तक खर्च करना चाहते हैं।
काम मैनेज करने के लिए बना सकता है टू-डू लिस्ट
कंपनी का कहना है कि मेहमानों के लिए ChatGPT वॉयस मेनू बनाने में मदद कर सकता है। जो लोग एक साथ कई काम कर रहे हैं उनके लिए चैटबॉट टू-डू लिस्ट बना सकता है। आपके पास जितना समय बचा है, वह उसके अनुसार खरीदारी की प्लानिंग बनाने और परिवार के सदस्यों के बीच काम बांटने में मदद कर सकता है। OpenAI ने बताया कि यूजर हर व्यक्ति की पसंद और समय के हिसाब से काम सौंप सकते हैं। इसमें बच्चों को उनकी उम्र के हिसाब से छोटे-मोटे काम भी दिए जा सकते हैं।