भोपाल / संत शिरोमणि श्री नामदेव महाराज की 756वीं जयंती एवं देवउठनी एकादशी का पावन पर्व शुक्रवार, 20 नवंबर को राजधानी भोपाल में श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जागृत एवं दर्शनीय तीर्थस्थल श्री दादाजी धाम मंदिर सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पूजन-अर्चन, हवन, आरती, सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के आयोजन हुए। श्रद्धालुओं ने संत नामदेव महाराज एवं भगवान विष्णु का स्मरण कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और विश्व कल्याण की मंगलकामना की।
संत नामदेव महाराज समस्त मानव समाज के लिए पूजनीय : शिवरतन नामदेव
इस अवसर पर श्री दादाजी गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष शिवरतन नामदेव ने कहा कि संत शिरोमणि श्री नामदेव महाराज केवल नामदेव समाज के ही नहीं, बल्कि समस्त मानव समाज और सभी श्रद्धालुओं के लिए पूजनीय हैं। उनकी भक्ति, प्रेम, सद्भावना और मानवता का संदेश समाज को एकता के सूत्र में बांधता है।
उन्होंने कहा कि संत नामदेव महाराज की जयंती को सामाजिक एकता, धार्मिक सद्भाव और सामूहिक सहभागिता के पर्व के रूप में मनाया गया। उन्होंने समाजबंधुओं, मातृशक्ति एवं युवाओं से अपने घरों के समीप स्थित संत नामदेव मंदिरों में पहुंचकर पूजन-अर्चन करने तथा परिवार सहित धार्मिक आयोजनों में सहभागिता करने का आह्वान किया। भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं की सहभागिता सामाजिक एकजुटता की मिसाल है।
शिवरतन नामदेव ने कहा कि दादाजी धाम मंदिर में आयोजित सामूहिक पूजन में अन्य समाजों के श्रद्धालुओं की सहभागिता सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव का सुंदर उदाहरण रही। ऐसे आयोजन सभी समाजों को एक-दूसरे के निकट लाने और सनातन धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अंत में उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संत नामदेव महाराज के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा और भक्ति है। सभी परिवारों को संत महाराज का आशीर्वाद प्राप्त हो तथा समाज में प्रेम, एकता, सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे, यही मंगलकामना है।