नई दिल्ली: अमेरिका में खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कथित साजिश के मामले में आरोपी निखिल गुप्ता ने सजा सुनाए जाने से पहले अमेरिकी अदालत के जज को एक भावुक लेटर लिखा है। इसमें उसने अपनी गलतियों पर पछतावा जताते हुए कहा कि वह उस समय मानसिक रूप से परेशान था और शराब पीने के कारण उसका विवेक प्रभावित हुआ था। उसने यह भी कहा है कि उसने अकेले ही पन्नू को मारने की साजिश रची थी।
निखिल गुप्ता ने अमेरिकी जिला न्यायाधीश विक्टर मारेरो को लिखे लेटर में कहा, 'मैंने अपना मानसिक संतुलन खो दिया था... काश मैं समय को पीछे ले जाकर 2023 में पहुंच पाता और अपनी गलतियों को सुधार पाता।' उसने अपने परिवार को हुई तकलीफों के लिए भी दुख जताया। गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तारी के शुरुआती दिनों में वह गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रहा था और उसके मन में आत्महत्या तक के विचार आने लगे थे।
परिवार को हुई तकलीफ का सताता रहा डर
गुप्ता ने पत्र में लिखा कि हिरासत में रहने के दौरान उसे लगातार इस बात की चिंता सताती थी कि उसके कारण पत्नी, बच्चों, मां और परिवार के दूसरे सदस्यों को कितना दर्द पहुंचा है। उसने अपने परिवार के साथ घर में मौजूद दो बिल्लियों का भी जिक्र किया।
उसने बताया कि गिरफ्तारी के बाद उसकी सबसे बड़ी चिंता परिवार से संपर्क करने की थी। वह उन्हें बताना चाहता था कि वह जिंदा है और किस परिस्थिति से गुजर रहा है, लेकिन कई तरह की पाबंदियों के कारण वह कई हफ्तों तक ऐसा नहीं कर सका।
चेक गणराज्य की जेल में रहा एकांत कारावास में
निखिल गुप्ता ने हिरासत के अपने अनुभवों का भी जिक्र किया। उसने बताया कि चेक गणराज्य में उसे एकांत कारावास में रखा गया था। इसके बाद उसे ब्रुकलिन स्थित मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में भेज दिया गया।
गुप्ता के मुताबिक, जेल में अकेलेपन और दूसरे कैदियों से हिंसा की आशंका के बीच उसने खुद को संभालने के लिए ध्यान, योग और आध्यात्मिक किताबों का सहारा लिया। इन गतिविधियों ने उसे मानसिक रूप से मुश्किल हालात का सामना करने में मदद की।
20 नवंबर को सुनाई जाएगी सजा
इस मामले में 20 नवंबर को निखिल गुप्ता को सजा सुनाई जानी है। इससे पहले अमेरिकी संघीय अभियोजकों ने अदालत से अनुरोध किया है कि कथित साजिश के निशाने पर रहे गुरपतवंत सिंह पन्नू को सुनवाई के दौरान सीधे अदालत के सामने अपनी बात रखने के लिए 20 मिनट का समय दिया जाए। अपने पत्र के आखिर में गुप्ता ने कहा कि अदालत जो भी फैसला सुनाएगी, वह उसे स्वीकार करेगा।