भोपाल में दो दिन से लापता पांच वर्ष की बच्ची का शव मिला, तलाश में जुटी थी लगभग 100 पुलिसकर्मियों की टीम

भोपाल। पुराने शहर में शाहजहांनाबाद क्षेत्र की वाजपेयी नगर मल्टी से मंगलवार दोपहर 12 बजे रहस्यमय ढंग से घर के सामने से लापता हुई पांच वर्षीय सृष्टि भालसे का शव गुरुवार को पुलिस ने बरामद किया। बच्ची की खोजबीन में पुलिस की पूरी कंपनी (लगभग 100 लोगों की टीम) ने वाजपेयी नगर के आसपास चप्पे-चप्पे की तलाशी ले डाली। बच्ची की खोज के लिए डॉग स्क्वाड और ड्रोन की भी मदद ली गई। बच्ची का शव बिल्डिंग के ही पास एक बंद घर से बरामद किया।
लोग आक्रोशित
उधर बच्ची की मौत की खबर मिलते ही इलाके के लोग सड़क पर उतर आए और हंगामा करना शुरू कर दिया। बच्ची के माता-पिता और दादी का रो-रोकर बुरा हाल है।
घर के पास से हुई थी गायब
वाजपेयी नगर निवासी सुभाष भालसे की बेटी सृष्टि दोपहर 12 बजे घर के पास से लापता हो गई थी। आसपास खोजबीन करने के बाद भी जब उसका कुछ भी पता नहीं चला तो दोपहर ढाई बजे शिकायत शाहजहांनाबाद थाने में की गई थी। बालिका की तलाश के लिए तत्काल पुलिस टीम बनाकर मौके पर रवाना की गई। उसमें आसपास के थानों की पुलिस को भी शामिल किया गया था।
सघन सर्चिंग की
बुधवार को पुलिस की पूरी कंपनी ने बालिका के लापता होने से पहले और उसके बाद में उस क्षेत्र में पहुंचे वाहनों के नंबर के आधार पर उनके मालिकों से सघन पूछताछ की। पूरे इलाके में लगे सीसीटीवी के फुटेज भी खंगाले गए। तलाशी अभियान में डाग स्क्वाड, ड्रोन की भी मदद ली गई।





