सैम पित्रोदा को फिर बनाया गया ओवरसीज कांग्रेस का अध्यक्ष:50 दिन पहले पद से इस्तीफा दिया था

कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा को एक बार फिर ओवरसीज कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है। हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने अपने विवादित बयानों के बाद 8 मई को पद से इस्तीफा दे दिया था।

सैम की नियुक्ति को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को एक प्रेस रिलीज जारी की है। इसमें वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने घोषणा में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सैम पित्रोदा को तत्काल प्रभाव से भारतीय ओवरसीज कांग्रेस का अध्यक्ष फिर से नियुक्त किया है।

इसके बाद कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि पित्रोदा अब ऐसा कोई बयान नहीं देंगे, जिससे भविष्य में विवाद पैदा होने की गुंजाइश हो।

पित्रोदा ने कहा था- भारत में ईस्ट वाले चीनी, साउथ वाले अफ्रीकन दिखते हैं
लोकसभा चुनाव के बीच 8 मई को पित्रोदा का एक वीडियो सामने आया था। इसमें वे कह रहे थे कि भारत में ईस्ट के लोग चाइनीज और साउथ वाले अफ्रीकन दिखते हैं। उनके इस बयान से कांग्रेस ने किनारा कर लिया था। विवाद बढ़ने के कुछ देर बाद ही पित्रोदा ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसकी जानकारी कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश ने दी थी। उन्होंने X पर लिखा था कि पित्रोदा ने अपनी मर्जी से इस्तीफा दिया है, जिसे स्वीकार कर लिया गया।

भारत में हर कोई थोड़ा-बहुत समझौता करता है: पित्रोदा
सैम पित्रोदा ने अंग्रेजी अखबार द स्टेट्समैन को दिए एक इंटरव्यू में विविधता पर बयान दिया था। उन्होंने कहा, ‘हम 75 साल बहुत खुशहाल माहौल में रहे हैं। लोग इधर-उधर के झगड़ों को छोड़कर एक साथ रहते थे। हम भारत जैसे विविधता वाले देश को एक साथ रख सकते हैं। यहां हम सभी भाई-बहन हैं।

कांग्रेस नेता ने आगे कहा- हम सभी अलग-अलग भाषाओं, धर्मों, रीति-रिवाजों और खाने का सम्मान करते हैं। यही वह भारत है जिसमें मैं विश्वास करता हूं, जहां हर किसी के लिए एक जगह है। यहां हर कोई एक-दूसरे के लिए थोड़ा-बहुत समझौता करता है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button