एलन मस्क पाजी… युजवेंद्र चहल ने ट्विटर के मालिक से कर डाली हर्षल पटेल की ‘शिकायत’, पोस्ट वायरल

नई दिल्ली: भारत और राजस्थान रॉयल्स के स्पिनर युजवेंद्र चहल ने अरबपति और एक्स (पूर्व में ट्विटर) के मालिक एलन मस्क से एक मजेदार अनुरोध किया। चहल ने मस्क से पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज हर्षल पटेल पर कॉपीराइट स्ट्राइक लगाने के लिए कहा। दरअसल, हर्षल ने चेन्नई सुपर किंग्स के खेल के दौरान एक कैच का जश्न उनके सिग्नेचर अंदाज में मनाया था। कैच पूरा करने के बाद हर्षल ने चहल के वायरल मीम से जुड़े अंदाज में जश्न मनाया। हर्षल के जश्न की तस्वीर शेयर करते हुए चहल ने एक्स पर लिखा- डियर एलन मस्क पाजी, हर्षल भाई पर कॉपीराइट लगाना है।
30 अप्रैल को घोषित भारत की टी20 विश्व कप टीम में चुने गए चहल की पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। बता दें कि मैच में कागिसो रबाडा ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ ऑफ स्टंप के बाहर शॉर्ट बॉल फेंकी, जिस पर समीर रिजवी ने अपर कट खेलने की कोशिश की। गेंद थर्ड मैन से आगे नहीं जा सकी, जहां हर्षल ने सही समय पर डाइव लगाकर कैच लपका।





