अलका याग्निक को हुई रेयर बीमारी, बॉलीवुड सिंगर्स और फैंस मांग रहे दुआ, ईला अरुण बोलीं- ये सुनकर दिल टूट गया

बॉलीवुड की सुरीली आवाज की मल्लिका प्लेबैक सिंगर अलका याग्निक को एक रेयर बीमारी हो गई है। अलका ने बताया कि उन्हें Rare Sensory Neural Nerve Sensory Loss की दिक्कत हुई है और अपनी इस बीमारी के बारे में जानकारी शेयर करते हुए ये भी बताया कि इसी बीमारी की वजह से वो पिछले काफी समय से गायब थीं। सिंगर ने बताया है कि अपनी इस बीमारी के बारे में जानकर उन्हें काफी झटका लगा और अभी भी वह इससे उबरने की जुगत में लगी हैं। अलका ने अपनी इस बीमारी के बारे में बताते हुए लोगों को कुछ जरूरी सलाह भी दे डाली है।
अलका ने एक पोस्ट शेयर कर बताया है कि वह एक रेयर डिसऑर्डर की शिकार हो गई हैं और उन्हें सुनाई देना भी बंद हो गया है। अलका ने जैसे ही अपनी इस बीमारी की खबर सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर पोस्ट की, उनके फैन्स उनके लिए चिंतित नजर आ रहे हैं और उनके जल्द ठीक होने की दुआ भी कर रहे हैं।
अलका ने कहा- फ्लाइट से उतरने पर मुझे अचानक महसूस हुआ
अलका याग्निक ने एक इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर अपनी बीमारी के बारे में बताया और लोगों को तेज म्यूजिक से दूर रहने की सलाह भी दी है। अलका ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए अपने पोस्ट में लिखा, ‘मेरे सभी फैंस, दोस्त, फॉलोअर्स और वेलविशर्स, कुछ हफ्ते पहले फ्लाइट से उतरने पर मुझे अचानक महसूस हुआ कि मैं सुन नहीं पा रही हूं। कई हफ्तों तक साहस जुटाने के बाद अब मैं अपने फ्रेंड्स और वेलविशर्स के लिए चुप्पी तोड़ना चाहती हूं जो मुझसे ये जानना चाह रहे हैं कि मैं कहां गायब हूं।’





