भोपाल की बड़ी झील पर सीएम मोहन यादव ने लहराया तिरंगा, नौकाओं से निकली तिरंगा यात्रा

भोपाल। स्वाधीनता दिवस आने वाला है। इस मौके पर प्रदेशभर में तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। घर-घर तिरंगा फहराने की मुहिम चल रही है। जगह-जगह तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। इसी सिलसिले में मंगलवार सुबह भोपाल की बड़ी झील में अनूठी तिरंगा जल यात्रा निकाली जा रही है।
इसके लिए बोट क्लब पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुब्बारे उड़ाकर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद वह सुसज्जित नौका पर सवार हुए और तिरंगा लहराकर लोगों में देशभक्ति का जोश भरा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के अलावा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के अलावा मंत्री और विधायकगण, महापौर मालती राय के अलावा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
इस कार्यक्रम के लिए पूरे तालाब में नौकाओं को केसरिया, सफेद और हरे रंग के गुब्बारों के साथ आकर्षक ढंग से सजाया गया। नौकाओं पर तिरंगा लहरा रहे हैं। इसे देखने बड़ी संख्या में लोग भी बोट क्लब पर पहुंचे हैं। बोट क्लब को भी गुब्बारों और तिरंगों से सजाया गया है। कार्यक्रम के मंच से देशभक्ति के तराने गूंज रहे हैं।
इस अनोखी तिरंगा यात्रा देखने के लिए तालाब के किनारे, शीतलदास की बगिया और वीआईपी रोड पर लोगों का हुजूम जमा है। लोग भी हाथों में तिरंगा थामे वंदेमातरम और भारत माता की जय का उद्घोष करते नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button