राजा भैया के नक्‍शेकदम पर दोनों बेटे शिवराज और बृजराज सिंह, पॉलिटिक्‍स में एंट्री, लग्जरी गाड़ियों के शौकीन

प्रतापगढ़: जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। यूपी के प्रतापगढ़ में कुंडा से 1993 से लगातार विधायक चुने जा रहे राजा भैया की अगली पीढ़ी ने भी अब राजनीति में पदार्पण कर दिया है। उनके दोनों बेटों शिवराज प्रताप सिंह और बृजराज प्रताप सिंह ने कुछ महीनों पहले पार्टी की सदस्‍यता ग्रहण की है। शिवराज को कुंडा की जलतर प्यार से बड़े राजा और बृजराज को छोटे राजा कहकर पुकारती है।

शिवराज और बृजराज के साथ युवाओं की टीम चलती है। दोनों बिल्कुल अपने पिता की तरह आम लोगों के बीच पहुंचते हैं। उनके सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं। 2022 यूपी विधानसभा चुनाव में शिवराज और बृजराज ने अपने पिता का प्रचार-प्रसार भी किया था।

अमीर हो या गरीब, सबके घर निमंत्रण में जाते हैं

शिवराज प्रताप और बृजराज प्रताप सिंह युवाओं में खासे लोकप्रिय हैं। कुंडा में आम लोगों का कहना है कि शिवराज और बृजराज बहुत ही सरल हैं। वो क्षेत्र के तमाम निमंत्रण में जाते हैं चाहे वह अमीर के घर हो या गरीब के। अगर राजा भैया कुंडा से बाहर हैं तो शिवराज बेंती पैलेस में आए लोगों से मिलते हैं। उनकी समस्याओं को सुनते हैं। पूरे धनुआ निवासी पंकज सरोज कहते हैं कि शिवराज प्रताप सिंह क्षेत्र के तमाम बीमार लोगों का इलाज कराने में मदद करते है। जैसे राजा भैया की राजनीति में जाति का कोई स्थान नहीं है, उसी राह पर दोनों बेटे भी चल रहे हैं।

मशहूर सिंधिया स्‍कूल से की है पढ़ाई

दोनों भाइयों का जन्म साल 2003 में हुआ था। उस समय राजा भैया पोटा के तहत जेल में थे। लंबे वक्त तक वह अपने बेटों का मुंह तक नहीं देख पाए थे। शिवराज और बृजराज की पढ़ाई ग्वालियर के मशहूर सिंधिया स्कूल से हुई है। सिंधिया स्कूल को देश के नामी स्कूलों में गिना जाता है। 2022 में हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में राजा भैया ने बेटों को सियासी ककहरा सिखाया था। बच्चे चुनावी दौरे में पिता के संग नजर आए थे। दोनों को चुनावी प्रचार के दौरान लोगों का प्यार मिल रहा था।

पिता की तरह बेटे भी लग्जरी गाड़ियों के शौकीन

राजा भैया की तरह दोनों बेटे भी लग्जरी गाड़ियों के शौकीन हैं। उनके बेड़े में 5 करोड़ रुपये तक की रेंज रोवर, लैंड रोवर डिफेंडर, मर्सिडीज और टोयोटा लैंड क्रूजर जैसी गाड़ियां शामिल हैं। वे अक्सर एडवेंचर के लिए फोर-व्हील बाइक और बुलेट का इस्तेमाल करते हैं। हाल ही में राजा भैया ने लगभग 5 करोड़ रुपये की नई Range Rover Autobiography खरीदी, जिसके साथ उनके बेटों की तस्वीरें वायरल हुई थीं। गाड़ियों के अलावा, राजा भैया के बेटे बाइक, फोर-व्हील बाइक (ATV) और घुड़सवारी के भी शौकीन हैं।

‘पार्टी तय करेगी-कब लड़ना है चुनाव’

शिवराज और बृजराज तमाम इंटरव्‍यू में कह चुके हैं कि उन्हें राजनीति से लगाव है। वह अपने पिता से प्रभावित हैं क्योंकि बचपन से उन्हें देखकर बड़े हुए है। उनको अपने पिता का बोलना बहुत अच्छा लगता है। उनके पिता सेवानीति पर काम करते है। चुनाव लड़ने के मुद्दे पर दो भाइयों का एक सुर में कहना है कि ये पार्टी तय करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button