भोपाल में आवारा श्वानों से जनता परेशान, हेल्पलाइन में 1251 शिकायतें लंबित, महापौर ने जताई नाराजगी

 भोपाल। शहर की जनता इन दिनों आवारा श्वानों से बेहद परेशान हैं। इसका खुलासा मंगलवार को महापौर हेल्पलाइन की समीक्षा बैठक के दौरान हुआ। हेल्पलाइन में इस समस्या से जुड़ीं 1251 शिकायतें अब भी लंबित हैं, जिनके निराकरण के निर्देश महापौर मालती राय ने दिए।

अधिकारियों को दी चेतावनी

महापौर ने जब लंबित शिकायतों की सूची देखी तो वे खुद दंग रह गईं। उन्होंने समीक्षा के दौरान सभी विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों से कहा कि सात दिन में सभी शिकायतों का निराकरण करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद महापौर ने शिकायतकर्ताओं से फोन पर भी बात की। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही उनकी शिकायत का निराकरण किया जाएगा।

स्मार्ट लाइट की 380 और सीवेज की 222 शिकायतें लंबित

शहर में लगी स्मार्ट लाइट की 380 और सीवेज की 222 शिकायतों के लंबित होने पर महापौर ने विद्युत विभाग और सीवेज शाखा के अधिकारियों को फोन कर फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसी शिकायतों का तुरंत निराकरण होना चाहिए। इसके बाद महापौर ने भवन अनुज्ञा, सिविल, जलप्रदाय, अतिक्रमण उद्यान और गोवर्धन परियोजना विभाग के अधिकारियों की फोन पर क्लास ली।

लंबित शिकायतों की संख्या

आवारा श्वान — 1251
स्मार्ट लाइट — 380
स्ट्रीट लाइट — 233
सीवेज — 222
भवन अनुज्ञा — 106
स्वास्थ्य — 89
सिविल — 78
जलप्रदाय — 64
अतिक्रमण — 50
उद्यान — 25
गोवर्धन परियोजना — 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button