बुजुर्ग नेताओं को मिलेगी सक्रिय सदस्यता:संगठन चुनाव से पहले पुराने नेताओं को भी जोड़ेगी भाजपा

नवंबर में शुरू होने जा रहे संगठन चुनाव से पहले भाजपा अपने उन पुराने नेताओं को भी जोड़ेगी जो अब सक्रिय नहीं हैं। इन बुजुर्ग नेताओं को सक्रिय सदस्यता दी जाएगी। सक्रिय सदस्यता देने के बाद इन नेताओं की तरफ से वर्तमान कार्यकर्ता कम से कम 50 साधारण सदस्यों को जोड़ेंगे। इस तरह से सक्रिय सदस्यता की शर्त भी पूरी हो जाएगी। भाजपा ने सदस्यता अभियान में इस बार मप्र में डेढ़ करोड़ सदस्य बनाए हैं।

यदि संख्या की दृष्टि से देखें तो पार्टी में अब युवाओं की संख्या अधिक है। पिछली बार जिलाध्यक्ष के लिए 35 साल की उम्र का क्राइटेरिया बनाया गया था। प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा भी 50 साल से कम उम्र में प्रदेशाध्यक्ष बने थे। लेकिन मप्र में बड़ी संख्या बुजुर्ग नेताओं की भी है। यह नेता अब फील्ड में सक्रिय नहीं हैं।

उन्होंने स्वयं तो सदस्यता ले ली लेकिन उनके रेफरल कोड से नए सदस्य नहीं बने। अब सक्रिय सदस्यता अभियान शुरू होने पर संगठन को फीडबैक मिला कि कई पुराने नेता सक्रिय सदस्यता का क्राइटेरिया पूरा नहीं कर पा रहे हैं। इसके बाद संगठन की तरफ से जिलाध्यक्षों को कहा गया है कि वे अपने जिले में रहने वाले बुजुर्ग और पुराने नेताओं को सक्रिय सदस्य बनाएं। जिलाध्यक्ष अपने जिलों में मंडल अध्यक्षों के माध्यम से इन पुराने और बुजुर्ग नेताओं से संपर्क करेंगे और उन्हें सक्रिय सदस्य बनाएंगे।

प्रभारी कराएंगे समन्वय ताकि चुनाव की नौबत न आए

पार्टी ने संभाग प्रभारियों को यह जिम्मेदारी दी है कि वे जिलों में नेताओं में समन्वय कराएं ताकि मंडल और जिला स्तर पर भी चुनाव की नौबत न आए। पिछली बार जिलाध्यक्ष के लिए 35 साल का क्राइटेरिया तय किया गया था, इस बार भी माना जा रहा है कि पार्टी युवाओं को ही जिलाध्यक्ष बनाएगी।

नकुलनाथ को तो कांग्रेस ने भी निकाल दिया : वीडी शर्मा

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मीडिया से चर्चा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पुत्र नकुलनाथ पर तंज कसा है। शर्मा ने कहा कि छिंडवाड़ा की जनता ने तो उन्हें बाहर कर दिया था, अब कांग्रेस ने भी उन्हें निकाल दिया है। नकुलनाथ को नवगठित प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी में स्थान नहीं मिला है। शर्मा भोपाल में वार्ड नंबर 30 के एक बूथ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात सुन रहे थे। इस मौके पर शर्मा ने कहा कि 28 अक्टूबर को वर्ल्ड एनिमेशन डे मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री ने अपने वक्तव्य में इसका जिक्र किया था।

हर बूथ पर 200 सदस्य बनाने का दावा...

भाजपा का दावा है कि प्रदेश के हर बूथ पर 200 सदस्य बनाए गए हैं। इस हिसाब से 1.60 करोड़ सदस्य बनाए गए। इसमें 1.30 करोड़ ऑनलाइन और शेष ऑफलाइन बनाए गए हैं। वीडी शर्मा के अनुसार हम प्रदेश में 1.68 करोड़ सदस्यता को पार करेंगे। यह आंकड़ा लोकसभा चुनाव में पार्टी को मिले 2.24 करोड़ वोट का 70 प्रतिशत होगा। उन्होंने बताया कि केंद्र ने 70 प्रतिशत वोट के बराबर ही सदस्य बनाने का टारगेट दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button