मांगे थे 10 करोड़, मिल गए 14386 करोड़ रुपये, आखिर SME IPO को क्यों मिल रहा है इतना समर्थन?

नई दिल्ली: एक तरफ शेयर मार्केट में जहां जबरदस्त गिरावट आ रही है, वहीं दूसरी ओर आईपीओ की निवेशकों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। इनमें भी सबसे ज्यादा समर्थन एसएमई आईपीओ को मिल रहा है। एसएमई सेगमेंट से ऐसे कई आईपीओ ऐसे रहे जिनके लिए बोली 100, 200 नहीं बल्कि कई हजार गुना तक लगी।
कल यानी गुरुवार को एसएमई सेगमेंट से NACDAC Infrastructure आईपीओ की बोली का आखिरी दिन था। इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त समर्थन मिला। इस आईपीओ का इश्यू साइज करीब 10 करोड़ रुपये है। इसके लिए कंपनी ने 28.60 लाख शेयर जारी किए हैं।
2000 गुना सब्सक्राइब
यह आईपीओ निवेश के लिए 17 दिसंबर को खुला था और 19 दिसंबर को बंद हो गया। इसका प्राइस बैंड प्रति शेयर 33 रुपये से 35 रुपये के बीच था। इन तीन दिनों में इसे 2000 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। कंपनी को 28.60 लाख शेयर के मुकाबले 411 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिली जो 1976 गुना रहीं। यानी 10 करोड़ रुपये के इश्यू साइज के लिए कंपनी के पास करीब 14386 करोड़ रुपये आ गए।
ग्रे मार्केट में जबरदस्त भाव
इस आईपीओ को ग्रे मार्केट में जबरदस्त भाव मिला है। आईपीओ खुलने से पहले से ही इसका भाव लगातार बढ़ रहा था। गुरुवार को बोली के आखिरी दिन इसका ग्रे मार्केट प्रीमियम 50 रुपये था। यानी ग्रे मार्केट के मुताबिक यह आईपीओ करीब 143 फीसदी प्रीमियम के साथ 85 रुपये पर लिस्ट हो सकता है।





