जापानी PM पर हमला करने वाले को 10 साल सजा:2 साल पहले रैली में पूर्व PM किशिदा पर फेंका था स्मोक बम

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री फोमियो किशिदा पर हमले के दोषी शख्स को 10 साल की सजा सुनाई गई है। बुधवार को वाकायामा जिला अदालत ने सजा का ऐलान किया। हमलावर का नाम रयूजी किमुरा (25) है,उसे 5 आरोपों में दोषी ठहराया गया है।

उसने 15 अप्रैल 2023 को वाकायामा शहर में एक चुनावी रैली के दौरान किशिदा पर एक स्मोक बम फेंका था। हमले में किशिदा बच गए थे, लेकिन 2 अन्य लोग घायल हुए थे। किमुरा को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया था। उसके बैग से एक चाकू भी बरामद किया गया था।

फरवरी की शुरुआत में मुकदमे की सुनवाई के दौरान, किमुरा ने हत्या की कोशिश के आरोप से इनकार किया था। उसने दावा किया कि उसका इरादा किशिदा को मारने का नहीं था।

PM किशिदा निचले सदन के उपचुनाव के लिए कैंपेन कर रहे थे

जापान टाइम्स के मुताबिक किशिदा वाकायामा शहर में एक इलेक्शन रैली में भाषण देने पहुंचे थे। स्थानीय समयानुसार धमाका 15 अप्रैल सुबह 11:30 बजे हुआ। इसके बाद करीब 1 बजे प्रधानमंत्री किशिदा ने वाकायामा शहर में अपनी स्पीच पूरी की। उन्होंने कहा- हम इलेक्शन कैंपन के बीच मौजूद हैं। हमें इसे जारी रखना चाहिए।

2022 में रैली के दौरान ही शिंजो आबे पर हैंडमेड गन से हमला हुआ था

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की 8 जुलाई 2022 को रैली में गोली मारकर हत्या की गई थी। वे आबे नारा शहर में इलेक्शन कैंपेन के दौरान स्पीच दे रहे थे। उसी दौरान 42 साल के हमलावर ने पीछे से फायरिंग की थी।

उन पर कैमरे जैसी दिखने वाली हैंडमेड गन से हमला किया गया था। फायरिंग के बाद आई फोटो से इसका खुलासा हुआ था। हमलावर ने गन को इस तरह डिजाइन किया था कि वह कैमरे जैसी दिखे। इसके लिए उसने गन पर काली पॉलीथिन को लपेटा था। हमलावर फोटो खींचने के बहाने आबे के करीब आया था। फिर उसने दो गोलियां चलाई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button