एक जीत से CSK, SRH को पछाड़ा, मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2025 पॉइंट्स टेबल में यूं किया बड़ा उलटफेर

मुंबई: 5 बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस ने आखिरकार रफ्तार पकड़ ही ली। उसने शुरुआती दो मैच हारने के बाद तीसरे मैच में अश्वनी कुमार की घातक गेंदबाजी के दम पर कोलकाता नाइटराइडर्स को बड़े अंतर से हराया तो आईपीएल 2025 पॉइंट्स टेबल में खेल हो गया। मुंबई अचानक टेबल में सबसे नीचे से उछलकर छठे नंबर पर पहुंच गई, जबकि कोलकाता टीम अब सबसे आखिरी पायदान पर है। मुंबई ने कोलकाता को अपने घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में सिर्फ 12.5 ओवरों में ही हरा दिया। केकेआर ने जीत के लिए 117 रनों का लक्ष्य रखा था, जबकि मुंबई ने दो विकेट खोकर 121 रन बनाते हुए जीत हासिल की।

CSK, SRH, RR और KKR को MI ने पछाड़ा
मुंबई ने इस जीत के साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद, राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइटराइडर्स को पछाड़ दिया। चेन्नई ने पहले मैच में मुंबई को हराया था, जबकि उसे 2 मैचों में लगातार हार मिली। वह 7वें नंबर पर है। हैदराबाद ने राजस्थान को हराया था और फिर लगातार दो मैच हारने के बाद वह 8वें नंबर पर है। राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को आखिरी मैच में हराया था, जबकि शुरुआत दो मैचों में उसे हैदराबाद और कोलकाता से हार मिली थी। वह 9वें नंबर पर है। आखिरी पायदान पर केकेआर को राजस्थान पर जीत मिली थी, जबकि बेंगलुरु और मुंबई ने उसे हराया है। इन सभी टीमों ने 3-3 मैच खेले हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आईपीएल पॉइंट्स टेबल में टॉपर
रजत पाटीदार की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने दोनों ही मैच जीते हैं। उसने पहले कोलकाता को हराया और फिर चेन्नई को। उसके 4 पॉइंट्स हैं। दिल्ली कैपिटल्स लखनऊ और हैदराबाद को हराने के बाद 4 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है। लखनऊ सुपर जायंट्स तीसरे और गुजरात टाइटंस चौथे नंबर पर है। इन दोनों के पास 2-2 मैचों में एक-एक जीत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button