सुसाइड करने तालाब में कूदे शख्स को कॉन्स्टेबल ने बचाया

भोपाल के तलैया थाना क्षेत्र स्थित काली मंदिर के पास बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे एक व्यक्ति ने छोटा तालाब में कूदकर सुसाइड करने की कोशिश की। इस दौरान उसकी पत्नी अपने दो छोटे बच्चों के साथ पुल पर बैठी रोती-बिलखती रही। महिला ने वहां से गुजर रहे पुलिसकर्मियों से मदद की गुहार लगाई। उसने बताया कि उसका पति ज्ञान सिंह केवट (35) तालाब में कूद गया है।

इसके बाद बिना समय गंवाए महिला सब इंस्पेक्टर सृष्टि गुप्ता, महिला आरक्षक अनीता, आरक्षक अतुल रैकवार, पवन और नीरज तत्काल हरकत में आ गए। आरक्षक धर्मेंद्र रघुवंशी ने स्थानीय लोगों के साथ तालाब में छलांग लगा दी। अन्य पुलिसकर्मी किनारे से रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद करते रहे।

कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र रघुवंशी ने पानी में डूब चुके ज्ञान सिंह को बाहर निकाला और किनारे लाकर तत्काल CPR देना शुरू किया। कुछ ही पलों में ज्ञान सिंह के मुंह से पानी और झाग बाहर आया और उसकी सांसें लौट आईं। इसके बाद उसे फौरन हमीदिया अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

घर से कहकर निकले थे कि आज मर जाऊंगा ज्ञान सिंह केवट की पत्नी पिंकी ने बताया कि हमारी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। हम लोग भोपाल के जहांगीराबाद इलाके में किराए के मकान में रहते हैं। ज्ञान केवट ही कमाने वाले हैं। वह सड़कों पर जो बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए जाते हैं, उनका काम करते हैं। हमारे दो छोटे बच्चे भी हैं। घर चलाना मुश्किल हो रहा था।

पत्नी ने बताया कि कुछ लोगों से उन्होंने कर्ज लिया था। करीब 10 से 15 हजार रुपए का कर्जा है, जो वो चुका नहीं पा रहे थे। इसी बात को लेकर वे पिछले कुछ दिनों से काफी परेशान थे। बुधवार को सुबह वो घर में कहकर निकले थे कि अब मर जाऊंगा। मैं डर गई और बच्चों को लेकर पीछे-पीछे चली आई। उसी वक्त उन्होंने तालाब में छलांग लगा दी। हम शोर मचाते रह गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button