UP-राजस्थान में आज एंट्री ले सकता है मानसून:झारखंड-बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी

पिछले 20 दिन से महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में रुका मानसून आगे बढ़ गया है। दो दिन में इसने गुजरात को कवर कर लिया है और ये गुजरात से सटी राजस्थान की सीमा पर पहुंच गया है। आज ये राजस्थान में एंट्री ले लेगा।

इधर, मंगलवार को मानसून ने बिहार और झारखंड में एंट्री ली। एक ही दिन में दोनों राज्यों को आधा कवर कर लेने के बाद आज मानसून के उत्तर प्रदेश में दाखिल होने की संभावना है।

गुजरात में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार से हो रही भारी बारिश के कारण बोटाद जिले में बाढ़ जैसे हालात है। यहां 40 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया। वहीं भावनगर में एक कार नदी में बहने से पांच लोग लापता हो गए हैं।

इधर, मध्यप्रदेश में एंट्री करने के दूसरे ही दिन मानसून 19 जिलों में पहुंच गया। 25 दिनों से बस्तर में अटका मानसून आज पूरे छत्तीसगढ़ को कवर कर लेगा।

आज असम, मेघालय, ओडिशा, झारखंड, बंगाल में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने का रेड अलर्ट है। 13 राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।

दिल्ली में मानसून से पहले की बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई इलाकों में पानी भर गया। खराब मौसम की वजह से दोपहर 3 से 4 बजे के बीच 12 फ्लाइट्स डायवर्ट की गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button