तीर्थ दर्शन योजना में विधायक पत्नी, बीजेपी नेता के नाम:राजगढ़ में कांग्रेस बोली- शायद यही सबसे गरीब

राजगढ़ में तीर्थ दर्शन योजना के हितग्राहियों में विधायक हजारीलाल दांगी की दो पत्नियों और बीजेपी पदाधिकारी इंद्रा मूंदड़ा के नाम भी शामिल हैं। ये आरोप कांग्रेस के जिला अध्यक्ष और पूर्व ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह ने लगाए हैं।

प्रियव्रत सिंह ने कहा- यह योजना गरीबों के लिए बनाई गई थी, लेकिन सूची में भाजपा नेताओं और उनकी पत्नियों के नाम शामिल किए गए। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- राजगढ़ जिले से चयनित सूची में गरीब जनता की जगह बीजेपी नेताओं और उनकी पत्नियों के नाम जोड़े गए हैं। प्रशासन की निगाह में शायद यही लोग सबसे गरीब हैं।

उधर, विधायक दांगी ने कहा- यह आरोप गलत है। मैंने कोई आवेदन नहीं दिया है। जारी लिस्ट के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है।

कामाख्या देवी दर्शन के लिए निकली है ट्रेन दरअसल, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत सोमवार को राजगढ़ से असम के कामाख्या देवी मंदिर के लिए विशेष ट्रेन निकली है। इस ट्रेन के यात्रियों की लिस्ट में ज्योत्सना दांगी और सरदार बाई दांगी के नाम भी लिखे हैं। ये दोनों खिलचीपुर से भाजपा विधायक हजारीलाल दांगी की पत्नियां हैं।

वहीं, इंद्रा मूंदड़ा बीजेपी की जिला उपाध्यक्ष रही हैं।

आयकरदाता का नाम योजना में आना नियमों का उल्लंघन प्रियव्रत सिंह ने शनिवार को माचलपुर में कांग्रेस की बैठक के दौरान कहा- योजना के नियमों के अनुसार, आयकरदाता का नाम इस लिस्ट में नहीं होना चाहिए। हो सकता है कि सरदार बाई आयकरदाता न हों, लेकिन ज्योत्सना जी पूर्व शासकीय सेवक रही हैं। यदि उनकी पेंशन 12 लाख से कम हो तो वे आयकरदाता श्रेणी में नहीं आतीं। लेकिन भाजपा पदाधिकारी इंद्रा मूंदड़ा का नाम सूची में होना हैरानी की बात है।

उन्होंने कहा- विधायक स्वयं आयकरदाता हैं, ऐसे में उनकी पत्नी का नाम योजना में आना सही है या नहीं? क्या विधायक जी का जमीर गवाह देता है कि गरीबों की योजना में अपनी पत्नी को शामिल कराएंगे?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button