ध्रुव जुरेल के बाद देवदत्त पडिक्कल का शतक, ऑस्ट्रेलिया ए के गेंदबाजों का बुरा हाल किया

लखनऊ: इकाना स्टेडियम पर इंडिया ए की टीम ऑस्ट्रेलिया ए का मुकाबला कर रही है। दोनों टीमों के बीच अनाधिकारिक टेस्ट मैच खेला जा रहा है। मैच की पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सैम कोंस्टास और जोश फिलिप के शतक की मदद से टीम ने 6 विकेट पर 532 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। भारतीय टीम ने भी जोरदार पलटवार किया। मैच के तीसरे दिन ध्रुव जुरेल के बल्ले से शतक निकला था।
देवदत्त पडिक्कल ने भी ठोका शतक
ध्रुव जुरेल के बाद युवा बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने भी इंडिया ए के लिए शतक लगा दिया है। जहां जुरेल ने फटाफट रन बनाए थे तो पडिक्कल ने संभलकर बैटिंग की। 199 गेंदों में उन्होंने अपना शतक पूरा किया। इसमें 9 चौके शामिल थे। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में पडिक्कल का यह 7वां शतक है। वह 150 रनों की पारी खेलने के बाद कोरी रोचिकियोली की गेंद पर आउट हुए। यह इस मैच की सबसे बड़ी पारी है। 281 गेंदों की अपनी पारी में पडिक्कल ने 14 चौकों के अलावा एक छक्का भी मारा।
आईपीएल के दौरान हो गए थे चोटिल
देवदत्त पडिक्कल भारत के लिए दो टेस्ट भी खेल चुके हैं। पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ धर्मशाला में डेब्यू करते हुए उन्होंने फिफ्टी ठोकी थी। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में उन्हें एक मैच मिला था। हालांकि आईपीएल 2025 के बीच में ही वह चोटिल हो गए थे। इस वजह से इंग्लैंड दौरे पर टीम का हिस्सा नहीं थे। इंजरी के बाद वापसी करते हुए दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में उन्होंने फिफ्टी टोकी थी। अब दूसरे ही मैच में शतक लगाकर वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज के लिए पडिक्कल ने दावा ठोक दिया है।





